राजनांदगांव

वार्डों में विकास कार्यों का महापौर ने लिया जायजा
08-Sep-2026 4:19 PM
वार्डों में विकास कार्यों का  महापौर ने लिया जायजा

रेवाडीह में 30 लाख से रोड-नाली व शेड निर्माण का भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 8 सितंबर।  वार्डों में चल रहे निर्माण कार्य निरीक्षण की कड़ी में महापौर मधुसूदन यादव ने सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा तथा तकनीकी अधिकारियों के साथ लखोली, रेवाडीह में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्य को समय-सीमा में संपादित करने निर्देशित किया।

महापौर ने जीई रोड अग्रवाल ट्रांसपोर्ट के पास कबीर द्वार निर्माण के लिए पार्षद चंद्रशेखर लश्करे समेत अमीन हुद्दा तथा समाज के लोगों के साथ स्थल निरीक्षण किया।  उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कबीर द्वार निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करे तथा द्वार निर्माण गाडिय़ों के आवागमन को देखते तथा ड्राईंग डिजाईन के अनुसार हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। महापौर के निर्देश पर अधिकारियों ने तत्काल ले-आउट दिए। इसी प्रकार महापौर ने गायत्री स्कूल रोड विश्वकर्मा मंदिर के पास निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाकर शेष कार्य जल्द पूर्ण कराने कहा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भवन का लोकार्पण कराया जाना है। जिसके आधार पर भवन का सभी कार्य पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान महापौर रेवाडीह पहुंचकर रेवाडीह में स्वीकृत विकास कार्यो की जानकारी ली। निर्माण कार्य के लिए प्रक्रिया पूर्ण होने की जानकारी पर महापौर ने पार्षद बिना ध्रुव समेत सूर्यकांत श्रीवास, मुकेश ध्रुव तथा वार्डवासियों की उपस्थिति में अधोसंरचना मद अंतर्गत स्वीकृत 19.82 लाख रुपए की लागत से रोड एवं नाली निर्माण तथा 10 लाख रुपए की लागत से गोठान व कर्मा मंदिर के पास शेड निर्माण के लिए पूजा-अर्चना कर विधिवत भूमिपूजन किया।

 

 उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अविलंब प्रारंभ करें और प्रतिदिन मानिटरिंग करें। जिससे समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हो सके और उसका लाभ वार्डवासियों को मिल सके। उन्होंने आदिवासी समाज के लिए निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर समाज की भावना के अनुरूप भवन निर्माण के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट