राजनांदगांव

लापरवाही : नहीं हो रहा कचरों का उठाव
07-Sep-2026 7:59 PM
लापरवाही : नहीं हो रहा कचरों का उठाव

तीन दिन अवकाश होने से कलेक्टोरेट परिसर में कचरों का ढेर

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 7 सितंबर। जिला कार्यालय परिसर में सफाई को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। तीन दिन शासकीय अवकाश होने के चलते परिसर में कचरों का ढेर लग गया। यह अव्यवस्था कलेक्टोरेट में दाखिल होने के पूर्व गेट पर नजर आया है।

इधर सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही सोमवार को जिला कार्यालय परिसर में साफतौर पर नजर आ रही है। सोमवार को जिला कार्यालय के प्रवेश द्वार में स्थित कचरा डिब्बा के नीचे झिल्लियों का ढेर नजर आया। ऐसे में हवा के झोंको और मवेशियों की वजह से पूरे परिसर में गंदगी फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में एक ओर जहां नगर निगम प्रशासन शहर के अलग-अलग हिस्सों में सफाई व्यवस्था को लेकर सजग और सतर्क नजर आने का दावा कर रही है। वहीं जिला मुख्यालय के जिला कार्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था का हाल इस तस्वीर के माध्यम से समझी जा सकती है।

 बीते तीन दिनों से सरकारी अवकाश के बाद आज सोमवार को सरकारी कामकाज शुरू होने के साथ ही जिला कार्यालय के प्रवेश द्वार के सामने रखे कचरा पेटी के नीचे ढ़ेरों प्लास्टिक व झिल्लियों का कचरा पड़ा हुआ लोगों को नजर आया। जिला कार्यालय में पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर इसी गेट से कार्यालय पहुंचते हैं। वहीं सरकारी कामकाज को लेकर पहुंचने वाले लोग भी इसी मार्ग से जिला कार्यालय में प्रवेश करते हैं। बीते शुक्रवार को जन्माष्टमी, शनिवार को शिक्षक दिवस और रविवार सरकारी अवकाश होने के बाद आज सोमवार को जिला कार्यालय खुलने के बाद भी प्रवेश द्वार के पास कचरों का ढेर लगने और  कचरों का उठाव नहीं होने से शहर के वार्डों की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा होना स्वभाविक है।


अन्य पोस्ट