राजनांदगांव

छात्रा से छेड़छाड़ व लापरवाही का आरोप, टीआई-एएसआई निलंबित
07-Sep-2026 3:21 PM
छात्रा से छेड़छाड़ व लापरवाही का आरोप, टीआई-एएसआई निलंबित

12वीं पूरक परीक्षा पास कराने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव की शिकायत के बाद शिक्षक को जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 7 सितंबर। जिले के गैंदाटोला क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की 12वीं की छात्रा को पूरक परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने के मामले में शिकायत के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं करने के मामले में एसपी अंकिता शर्मा ने गैंदाटोला थाना प्रभारी और एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस अफसरों का मानना है कि टीआई ने मामले में त्वरित कार्रवाई करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। इस संबंध में एएसपी कीर्तन राठौर ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपी शिक्षक को तीन दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं सह आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक गैंदाटोला क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के विज्ञान विषय के शिक्षक तिलक यादव 48 वर्ष पर एक छात्रा ने पूरक परीक्षा में पास कराने की आड़ में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने की पुलिस से शिकायत की। पुलिस को दिए जानकारी में नाबालिग छात्रा ने आरोप लगाया कि 2 वर्ष पूर्व विज्ञान के पेपर में 12वीं कक्षा में पूरक की पात्रता मिली थी। इस दौरान छात्रा का ग्राम के पूर्व सरपंच के पुत्र रमीश कुरैशी पिता खलील कुरैशी से संपर्क हुआ। रमीश ने उसे पास कराने का आश्वासन दिया और उसका परिचय आरोपी शिक्षक तिलक यादव से कराया।

परीक्षा में पास कराने के नाम पर शिक्षक द्वारा छात्रा को लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया है। जिससे परेशान होकर छात्रा ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के बावजूद थाना प्रभारी राजेश साहू ने मामले की गंभीरता को दरकिनार किया। 

बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी ने क्षेत्रीय लोगों के हंगामा करने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इस मामले को पुलिस अफसरों ने कोताही मानते हुए थाना प्रभारी राजेश साहू एवं विवेचक एएसआई मेघनाथ सिन्हा को तत्काल प्रभारी से निलंबित कर दिया। पुलिस ने सह-आरोपी रमीश कुरैशी की भी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।  


अन्य पोस्ट