राजनांदगांव

घर-घर पूजे गए लड्डु गोपाल, कृष्ण मंदिरों में पूजा-अर्चना, निकाली शोभायात्रा
05-Sep-2026 3:16 PM
घर-घर पूजे गए लड्डु गोपाल, कृष्ण मंदिरों  में पूजा-अर्चना, निकाली शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 5 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर घर-घर और मंदिरों में भगवान लड्डु गोपाल की पूजा-अर्चना की गई। वहीं जन्माष्टमी पर्व को लेकर शुक्रवार को यादव समाज ने शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली। जिसका शहर के अलग-अलग स्थानों में स्वागत किया गया। यादव समाज द्वारा शहर के महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल परिसर के समीप स्थित साहड़ा देव मंदिर परिसर से पूजा-अर्चना कर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान राधा-कृष्ण की झांकी बनाकर शामिल किया गया था। वहीं भगवान लड्डु गोपाल पालकी में सवार होकर शहर भ्रमण किया। यादव समाज द्वारा ध्वज-पताका, पारंपरिक मड़ई निकाली गई। आकर्षक राऊत नाचा और अखाड़े का प्रदर्शन भी किया गया। बाजे-गाजे के साथ निकली शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेट स्कूल परिसर में समापन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसादी भी वितरित की गई।  शोभायात्रा में यादव समाज के पुरूष, युवा, महिलाएं, युवतियां और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इधर जन्माष्टमी पर्व को लेकर बाजार में पूजन सामग्रियों की दुकानें सजी रही। शहर के जयस्तंभ चौक में सुबह से ही लोग पूजन सामग्री की खरीदी करने पहुंचते रहे। बाजार में मोर पंख, भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा, लड्डु गोपाल की पोशक, कदम के फूल और बांसुरी समेत अन्य पूजन सामग्रियों की मांग बनी रही।

इधर जन्माष्टमी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर अपने घरों में बालगोपाल स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर घरों में भी लोग व्यापक तैयारी किए हुए थे। इसके अलावा शहर समेत ग्रामीण इलाकों में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करने में व्यस्त नजर आए।

शोभायात्रा का कांग्रेसियों ने किया स्वागत

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव महासभा द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी अवसर पर 4 सितंबर को भव्य पालकीयात्रा में छत्तीसगढ़ की पारंपारिक नृत्य राउत नाचा के साथ विभिन्न वार्डों से प्रभु श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की आकर्षक झांकी निकाली गई। शहर भ्रमण करते मानव मंदिर चौक पहुंचने पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा का फूल-मालाओं से स्वागत करते पालकी में विराजे प्रभु श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर पालकी उठाई एवं आराध्य प्रभु को श्रीफल भेंट की।

इस दौरान शीतल पेयजल की व्यवस्था कर शोभायात्रा में शामिल यादव बंधुओं को पिलाई गई। श्री छाबड़ा ने कहा कि राजनांदगांव जो पहले नंदगांव के नाम से जाना जाता था, वह आज जन्माष्टमी पर्व पर दिख रहा है। जय गोपाल के नारों की गूंज चहूंओर बिखरी रही है। मानो प्रभु वासुदेव कृष्ण बाल्य रूप में हमारे शहर में आगमन हो रहा हो और संस्कारधानीवासी उनकी स्वागत में झूम रहे हो, यह हमारा सौभाग्य है कि इस विशाल शौभायात्रा में शामिल होने का मौका मिला। स्वागत के दौरान मोहम्मद यहया, प्रज्ञा गुप्ता, मनीष साहू, मुस्तफा जोया, मयंक सोनी, सुरेन्द्र गजभिये, दुर्गेश ढीवर, शौर्य वैष्णव सहित कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट