राजनांदगांव

पॉलिसी धारक से लाखों की धोखाधड़ी, एजेंट गिरफ्तार
05-Sep-2026 3:09 PM
पॉलिसी धारक से लाखों की धोखाधड़ी, एजेंट गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 5 सितंबर। पॉलिसी धारक के पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया। बताया गया कि एलआईसी कार्यालय में जानकारी लेने पर पॉलिसी धारक को धोखाधड़ी का पता चला।

मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर थानांतर्गत आवेदक मुकेश सोनकर द्वारा थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराया गया कि उसने अपने एवं परिवार के सदस्यों के नाम से एलआईसी एजेंट देवेन्द्र सोनकर के माध्यम से विभिन्न बीमा पॉलिसियां ली थी। 7 अप्रैल 2026 को एलआईसी कार्यालय में जानकारी लेने पर उसे ज्ञात हुआ कि आरोपी एजेंट द्वारा पॉलिसी धारकों के पते के स्थान पर अपना पता दर्ज कर नई पॉलिसियां खुलवाई गई तथा पुरानी पॉलिसियों को नियमित नहीं कराया गया।

इस कारण कई पॉलिसियां लैप्स हो गई। जिससे पॉलिसी धारक को लगभग 6 लाख 39 हजार 571 रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ। मामले की जांच उपरांत आरोपी देवेन्द्र सोनकर के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 409/2026, धारा 318(4), 316(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।


अन्य पोस्ट