राजनांदगांव
महापौर ने रैली को ध्वज लहराकर किया रवाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सर्व यादव समाज राजनांदगांव द्वारा राजनांदगांव शहर में भव्य बाइक रैली निकालकर अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रारंभ एक दिवस पहले ही कर दिया गया है। इस बाइक रैली को महापौर मधुसूदन यादव ने प्रारंभ स्थल स्टेट स्कूल ग्राउण्ड से पीले रंग की ध्वज पताका लहराकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया, जिस पर यादव समाज के आराध्य भगवान श्री कृष्ण का चित्र एवं श्लोक ‘कृष्णं वंदे जगतगुरूं ’ अंकित था। जिसका अर्थ है मैं भगवान श्री कृष्ण को प्रणाम करता हूॅ, जो इस ब्रह्माण्ड के गुरू और सार्वभौमिक शिक्षक हैं। इस वैदिक श्लोक को 4 सितंबर श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं 5 सितम्बर शिक्षक दिवस से भी जोडक़र देखा जा रहा है।
सर्व यादव समाज की इस विशाल बाइक रैली में राजनांदगांव जिले के झेरिया, कोसरिया एवं ठेठवार यादव समाज के सामाजिक सदस्यों ने सहभागिता की और समाजिक एकजुटता, समरसता एवं बन्धुत्व का परिचय दिया। यह विशाल बाइक रैली शाम 4 बजे स्टेट स्कूल मैदान से नगर भ्रमण के लिए रवाना होकर शहर के मुख्य मार्गो में लगभग दो घंटे भ्रमण करने के पश्चात् शाम 6 बजे के लगभग वापस स्टेट स्कूल ग्राउण्ड पहुॅचकर समाप्त हुई। यह बाइक रैली मुख्यत: शहर के महावीर चौक, गुरूद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, बसंतपुर थाना चौक, भारत माता चौक, दिल्ली दरवाजा चौक, सुरजन वकील गली, अग्रसेन चौक, गंज चौक, नंदई चौक, क्लब चौक बसंतपुर, स्टेडियम चौक, मोतीपुर, रामनगर, मुदलियार कॉलोनी, शंकरपुर, शिवनगर, प्रेस क्लब चिखली से ओव्हरब्रिज होकर वापस स्टेट स्कूल मैदान पहुॅचकर विराम ली।
बाइक रैली में सर्व यादव समाज के युवा, बुजुर्ग, पुरूष एवं महिलाओं की बढ़-चढक़र सहभागिता रही। जिसमें पुरूष वर्ग मुख्यत: सफेद रंग के परिधान में एवं महिला वर्ग लाल रंग के परिधान में उत्साह एवं उमंग के साथ सामाजिक एकजुटता का परिचय देते दिखे।