राजनांदगांव

गणेश पर्व से पहले सडक़ें सुधारें- संतोष
03-Sep-2026 6:56 PM
गणेश पर्व से पहले सडक़ें सुधारें- संतोष

आयुक्त को सडक़ों की स्थिति से कराया ध्यानाकर्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 सितंबर। आगामी गणेश पर्व को देखते शहर की जर्जर सडक़ों और जगह-जगह बने गड्ढों को दुरुस्त करने की मांग तेज हो गई है।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम से टेलीफोन पर चर्चा कर गणेश पर्व से पहले शहर की प्रमुख सडक़ों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर में गणेश पर्व के दौरान निकलने वाली भव्य झांकियां शहर की पहचान है और इन्हें देखने शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में खराब सडक़ें श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

श्री पिल्ले ने आयुक्त से चर्चा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों की स्थिति का उल्लेख करते कहा कि महावीर चौक, टांका घर, स्टेशन पारा रोड, सदर बाजार, रामाधीन मार्ग सहित अन्य प्रमुख सडक़ों पर कई स्थानों पर सडक़ खराब है और गड्ढे बने हुए हैं। गणेश पर्व के दौरान इन्हीं प्रमुख मार्गों से बड़ी संख्या में नागरिकों की आवाजाही होती है तथा विभिन्न गणेश समितियों की झांकियां भी इन मार्गों से गुजरती हैं।

उन्होंने कहा कि गणेश पर्व राजनांदगांव का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। पर्व के दौरान शहर में देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी परिवार सहित लोग झांकियां देखने राजनांदगांव पहुंचते हैं। ऐसे में सडक़ों पर मौजूद गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।

श्री पिल्ले ने निगम प्रशासन से मांग की कि गणेश पर्व शुरू होने से पहले शहर की सभी प्रमुख सडक़ों का निरीक्षण कराकर जहां-जहां गड्ढे और सडक़ क्षतिग्रस्त हैं वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए।


अन्य पोस्ट