राजनांदगांव

कांग्रेस प्रवक्ता ने शिक्षकों के आंदोलन को दिया समर्थन
03-Sep-2026 6:18 PM
कांग्रेस प्रवक्ता ने शिक्षकों के आंदोलन को दिया समर्थन

राजनांदगांव, 3 सितंबर। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अनीस खान ने छत्तीसगढ़ में वर्षों से सेवा दे रहे प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में कहा कि सरकार को इस मामले में संवेदनशील, मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

अनीस खान ने कहा कि टीईटी संबंधी मूल प्रावधान एनसीटीई की 23 अगस्त 2010 की अधिसूचना से आया था। इसके बाद 2017 में आरटीई एक्ट में संशोधन कर 31 मार्च 2015 तक नियुक्त अथवा सेवा में रहे शिक्षकों को निर्धारित न्यूनतम योग्यता हासिल करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया। वर्तमान में इन सर्विस शिक्षकों के लिए टीईटी प्राप्त करने की समय सीमा 31 अगस्त 2028 तक निर्धारित है।

उन्होंने कहा कि टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण कर लेना ही किसी शिक्षक के योग्य होने की गारंटी नहीं है और परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करना भी किसी शिक्षक को अयोग्य या ज्ञानहीन साबित नहीं करता। शिक्षक की वास्तविक दक्षता में विषय का व्यावहारिक ज्ञान, वर्षों का कक्षा अनुभव, बच्चों को समझने की क्षमता, शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के साथ व्यवहारिक अनुभव अधिक महत्वपूर्ण है, इसलिए वर्षों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के अनुभव को केवल एक परीक्षा के परिणाम के आधार पर नजर अंदाज करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि एक भी शिक्षक के साथ अन्याय होता है तो कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी और शिक्षकों के न्यायसंगत अधिकारों के लिए आवश्यकता पडऩे पर आंदोलन भी करेगी।


अन्य पोस्ट