राजनांदगांव
अवैध संबंध व आपसी विवाद को लेकर हुई हत्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अगस्त। चिचोला क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने मृतक की पत्नी और एक व्यक्ति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। बताया गया कि अवैध संबंध, आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन के कारण मृतक की हत्या की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम रामपुर निवासी प्रार्थी ओमप्रकाश साहू ने चिचोला पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका भाई ग्राम रामपुर निवासी प्रेमलाल साहू 10 अगस्त को शाम लगभग 7 से रात्रि 9 बजे के मध्य ग्राम महाराजपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 के किनारे गड्ढे में घायल अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के मुंह, नाक एवं माथे पर चोट के निशान थे, खून बह रहा था। मृतक के दाहिने हाथ की उंगली के पास एक बड़ा मुरूम पत्थर पड़ा था, जिस पर खून के निशान पाए गए। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस चौकी चिचोला द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
पुलिस द्वारा घटना के प्रत्येक संभावित पहलू की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान घटनास्थल के साक्ष्यों, गवाहों एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी तथा मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन आदि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नरबद साहू 40 वर्ष निवासी ग्राम पटपर तथा मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू 27 वर्ष निवासी ग्राम रामपुर को संदेह के आधार पर पूछताछ हेतु लिया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा मृतक के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि मृतक द्वारा अपनी पत्नी के साथ विवाद करते उसे गाली-गलौज करना एवं घर से निकल जाने की धमकी देना, आरोपी नरबद साहू द्वारा मृतक को दिए गए पैसों की वापसी मांगने पर विवाद होना तथा मृतक की पत्नी एवं नरबद साहू के बीच कथित अवैध संबंध, घटना के पीछे के प्रमुख कारणों के कारण मृतक की हत्या हुई। आरोपियों द्वारा घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।