राजनांदगांव
एनएसएम पब्लिक स्कूल में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
राजनांदगांव, 27 अगस्त। भाई-बहन का स्नेह भरा पर्व रक्षाबंधन गुरुवार को एनएसएम पब्लिक स्कूल अंबागढ़ चौकी में उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने जहां अपने भाइयों की कलाई सजाई। वहीं भाइयों ने राखी के पवित्र धागे को अपने माथे से लगाकर सम्मान प्रदान किया। नन्हीं बहनों के हाथ मिठाई पाकर भाइयों के चेहरों की खुशी परवान चढ़ती दिखाई पड़ी।
नांदगांव शिक्षा मंडल राजनांदगांव द्वारा संचालित एनएसएम पब्लिक स्कूल में पर्वों और दिवसों का महत्व बच्चों को बेहतर तरीके से समझाया जा रहा है। आज रक्षाबंधन से पूर्व संस्था में अध्यापन कार्य में जुटे शिक्षकों ने देश की भावी पीढ़ी को रक्षा सूत्र का महत्व बताया। प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत मिश्रा ने सभी बच्चों एवं शिक्षकों से चर्चा करते राखी के पर्व को हिंदू धर्मावलम्बियों का ऐसा पर्व बताया जो रिश्तों को मजबूती प्रदान कर एकता का संदेश देता है।