राजनांदगांव
बजरंगपुर नवागांव वार्ड की चरमराई व्यवस्था के खिलाफ चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जून। बजरंगपुर नवागांव वार्ड में पेयजल संकट और गंदे पानी की सप्लाई से आक्रोशित कांग्रेसियों ने रविवार को सडक़ में चक्काजाम किया। गहराते पेयजल की समस्या को दूर करने में नाकाम निगम प्रशासन के खिलाफ कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। इसके अलावा वार्ड की सफाई व्यवस्था के निचले स्तर पर चले जाने को लेकर भी कांग्रेसियों का गुस्सा नारेबाजी के रूप में सामने आया।
उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चेतन भानुशाली के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने रविवार करीब 11 बजे बजरंगपुर नवागांव में एकत्रित होकर वार्डवासियों के साथ पेयजल संकट और गंदे पानी सप्लाई की समस्या को लेकर सडक़ पर प्रदर्शन शुरू किया। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के दौरान मटका तोडक़र राज्य सरकार और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद संतोष पांडे की तस्वीर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। राजनीतिक तौर पर प्रदर्शन करते कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पटरीपार के बाशिंदों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। बजरंगपुर वार्ड में पानी के गहराते संकट को दूर करने के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ। हर साल वार्ड के लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ता है। इसके अलावा वार्ड में गंदे पानी की भी सप्लाई होना स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है। सफाई व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कांग्रेसियों ने सरकार और निगम प्रशासन को दोषी ठहराते हुए सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। इस दौरान राजा तिवारी, विशु अजमानी, ललित मरकाम, विनय झा, कमलजीत सिंह पिंटू, अमर झा, राहुल चौबे समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।
समझाईश के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
कांग्रेसियों द्वारा बुनियादी समस्याओं को लेकर चक्काजाम करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों से पुलिस ने लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया। इस संंबंध में सीएसपी अलेक्जेंडर किरो ने मीडिया को बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझाईश दी गई। लोगों को हो रही परेशानी की जानकारी दी गई। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हो गया।


