राजनांदगांव

मोहर्रम में डीजे-धुमाल, आतिशबाजी पर प्रतिबंध
13-Jun-2026 5:41 PM
मोहर्रम में डीजे-धुमाल, आतिशबाजी पर प्रतिबंध

प्रशासन, पुलिस अफसरों की बैठक में निर्णय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जून।
इस साल मोहर्रम पर्व में शेर का स्वांग रचाने और डीजे, धुमाल, बैंडबाजा समेत आतिशबाजी करने पर रोक लगाने की मांग के बीच  जिला एवं पुलिस प्रशासन के अफसरों ने एक बैठक कर मुस्लिम समाज द्वारा की गई मांग के अनुरूप प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के आदेश पर मोहर्रम पर्व में शेर या अन्य का स्वांग धारण कर नृत्य, प्रदर्शन एवं अन्य गैर पारंपरिक गतिविधियों पर भी प्रतिबंध रहेगा। आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस एवं एसडीएम ने मुस्लिम समाज की बैठक लेकर शांति, सौहार्द्र और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही उक्त नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार 12 जून को एसपी कार्यालय में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एएसपी कीर्तन राठौर, एसडीएम गौतम पाटिल, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो, उप पुलिस अधीक्षक केपी मरकाम उपस्थित रहे।  अधिकारियों द्वारा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी देते बताया गया कि मोहर्रम में डीजे, धुमाल, बैंड-बाजा, नाच-गाना एवं आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही मुहर्रम के दौरान शेर या अन्य का स्वांग धारण कर नृत्य, प्रदर्शन एवं अन्य गैर पारंपरिक गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने सभी आयोजन समितियों एवं समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे शासन, प्रशासन एवं वक्फ  बोर्ड के निर्देशों का पालन करते शांति, अनुशासन एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों एवं समितियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
राजनांदगांव शासन/प्रशासन ने जिलेवासियों से सामाजिक सौहाद्र्र बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। इस दौरान यह भी बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में एनांउसमेंट कर शेर या अन्य स्वांग समाज द्वारा नहीं बनने की समझाईश दिया गया एवं ऐसा करने पर करने पर समाज जिम्मेदार नहीं होगा।


अन्य पोस्ट