राजनांदगांव
जिले में प्री बी.एड. व बी.एससी. के लिए15 परीक्षा केंद्र निर्धारित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून। सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी कॉलेजों में शिक्षण और चिकित्सा जैसे प्रतिष्ठित प्रोफेशनल कोर्सेस में प्रवेश के लिए जिलेभर में 15 परीक्षा केंद्रों में छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा प्री.बी.एड. एवं बी.एससी. नर्सिंग प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा गुरुवार को सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे तक प्री बी. एड. प्रवेश परीक्षा एवं बी.एससी. नर्सिंग प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया है। जिले में प्री बी.एड. प्रवेश परीक्षा के लिए 10 परीक्षा केंद्र में 3076 परीक्षार्थियों और बी.एससी. नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए 5 परीक्षा केंद्रों में 1202 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इधर परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की गई। वहीं परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारा सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए गए। उक्त समय के पश्चात परीक्षा केंद्रों में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया।
इलेक्ट्रॉनिक सामान थे प्रतिबंधित
व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षार्थियों को प्रवेश के पहले उनका प्रवेश पत्र एवं वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र की जांच की गई। साथ ही परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री को लेजाने की मनाही थी। वहीं जांच के दौरान परीक्षार्थियों को केवल नीले अथवा काले बॉल पेन के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षार्थियों को आधी बांह वाले साधारण एवं हल्के रंग के वस्त्र पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
पुलिस कर्मियों ने की
परीक्षार्थियों की जांच
परीक्षा की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग की गई। इसके लिए हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर तथा मैनुअल पैट-डाउन जांच का उपयोग किया गया। साथ ही महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस कर्मियों तथा पुरूष अभ्यर्थियों की जांच पुरूष पुलिस कर्मियों द्वारा की गई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल एवं नकलमुक्त संचालन हेतु पर्यवेक्षक, समन्वयक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस नोडल अधिकारी, उडऩदस्ता दल तथा एफएसटी टीमों की नियुक्ति की थी।


