राजनांदगांव

वित्तीय गड़बड़ी के आरोप में पूर्व प्रभारी प्राचार्य निलंबित
10-Jun-2026 5:36 PM
वित्तीय गड़बड़ी के आरोप में पूर्व प्रभारी प्राचार्य निलंबित

विभागीय आडिट में साढ़े 5 लाख का गबन का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून
। डोंगरगांव विकासखंड के मोहड़ शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के पूर्व प्रभारी प्राचार्य को जिला शिक्षा अधिकारी ने वित्तीय गड़बड़ी में दोषी मानते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह गड़बड़ी विभागीय आडिट में पकड़ में आई। पूर्व प्रभारी प्राचार्य पर लगभग साढ़े 5 लाख रुपए का वित्तीय घोटाला करने की प्रारंभिक पुष्टि हुई है। डीईओ ने पूर्व प्रभारी प्राचार्य को जांच होने तक निलंबित करने का आदेश जारी किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहड़ के तत्कालिन प्रभारी प्राचार्य (मूल पद व्याख्याता) दौलतराम आंचले को विभागीय अंकेक्षण रिपोर्ट के आधार पर वित्तीय अनियमितता पाए जाने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूर्व प्रभारी प्राचार्य द्वारा मद प्रभारी के जानकारी के बगैर विभिन्न मदों से 5 लाख 44 हजार रुपए 500 रुपए आहरित करने का आरोप लगा था।

शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की ओर से दो सदस्यीय जांच कमेटी ने मामले की छानबीन की। जिसमें मद प्रभारियों की बिना अनुमति के क्रय समिति की बैठक प्रस्ताव व अनुमोदन के शासकीय राशि नियम विरूद्ध आहरित करना पाया गया, जिसे एक बड़ा वित्तीय अनियमितता माना गया है। जांच अधिकारी द्वारा पूर्व प्रभारी प्राचार्य आंचले के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु अनुशंसा सहित प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।
 प्रभारी प्राचार्य दौलत राम आंचले को विभागीय अंकेक्षण रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितता पाए जाने के कारण उनके विरूद्ध पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करने विकासखंड शिक्षा अधिकारी डोंगरगांव को निर्देशित किया गया है तथा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव को अवगत कराने कहा गया है। साथ ही दौलतराम आंचले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित करने संचालक लोक शिक्षण संचालनालय इन्द्रावती भवन अटल नगर, नवा रायपुर को पत्र प्रेषित किया गया है।  


अन्य पोस्ट