राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जून। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त शिकायतों एवं आवश्यकताओं के आधार पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत निर्मित कई दुकानें आबंटन के बाद संचालित नहीं होने से क्षतिग्रस्त हो रही हैं। ऐसे आबंटियों को नोटिस जारी किया गया है। आवश्यकता पडऩे पर आबंटन निरस्त कर पुन: आबंटन की कार्रवाई की जाएगी। कालोनियों में सडक़ निर्माण एवं प्रारंभिक रखरखाव का दायित्व कॉलोनाइजर एवं स्थानीय समितियों का होता है। निगम को हैंडओवर होने के बाद उपलब्ध संसाधनों के अनुसार मरम्मत कार्य कराया जाता है।
विभिन्न वार्डों में सडक़ मरम्मत एवं विकास कार्यों के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं। सिविल लाइन एवं अस्पताल कॉलोनी स्थित शासकीय आवास का मरम्मत एवं संधारण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाता है। नगर निगम द्वारा इन क्षेत्रों में बिजली, पानी एवं साफ-सफाई अन्य मूलभूत सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। अंधड़ के कारण क्षतिग्रस्त होकर लटक रहे विज्ञापन बोर्ड एवं टीन शीटों को हटाने के लिए संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। मुख्य मार्गों एवं कॉलोनियों में गिरी हुई पेड़ों की डालियों को हटाने एवं मार्गों को सुरक्षित बनाने का कार्य भी निगम अमले द्वारा लगातार किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा आवारा एवं पालतू कुत्तों के बधियाकरण, डी-वर्मिंग एवं टीकाकरण का अभियान संचालित किया जा रहा है। अब तक लगभग 1300 कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है। शिकायतों के आधार पर आक्रामक एवं संदिग्ध पागल कुत्तों को पकडऩे की कार्रवाई भी की जा रही है। वित्तीय वर्ष के बजट में डॉग शेल्टर की स्थापना तथा प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक फीडिंग प्वाइंट विकसित करने का प्रावधान रखा गया है, जिसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया जारी है।


