राजनांदगांव

सिवनीकला में 85 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण
09-Jun-2026 4:03 PM
 सिवनीकला में 85 लाख के विकास  कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जून
। जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सिवनीकला में सोमवार को क्लस्टर स्तरीय सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया गया। 13 ग्राम पंचायतों के इस संयुक्त शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान लगभग 85 लाख रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया।

सिवनीकला में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व महापौर मधुसूदन यादव तथा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव,  उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य लता सिन्हा, हिरा वर्मा, सरपंच योगेश संचेती, नगर निगम के पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में  एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिवनीकला में करीब 85 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया। मधुसूदन यादव ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल संरक्षण की दिशा में और पर्यावरण रक्षा की दिशा में  हर घर एक पेड़ लगाने की अपील आम जनता से किए।  विकास कार्यों की श्रृंखला को देख  सिवनी सरपंच योगेश संचेती की तारीफ  किया। सुशासन तिहार शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। जनप्रतिनिधियों ने इसे शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बताया।

दर्जनभर पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल
शिविर में ग्राम पंचायत सिवनीकला, बिजनापुर, बिलहरी, चैतूखपरी, खैरा, खुर्सीपार, मोहारा, मुडिय़ा, पुरैना, रूवातला, सहसपुर, सेमहरा कुल 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी मांग एवं शिकायतों से संबंधित 1488 आवेदन प्रस्तुत किए। जिसमें मांग से संबंधित 1485 आवेदन एवं शिकायत से संबंधित 3 आवेदन शामिल है। प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने की कार्रवाई की जा रही है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया।


अन्य पोस्ट