राजनांदगांव
ब्लैकमेलिंग की कोशिश भी
राजनांदगांव, 6 जून। पुलिस विभाग से संबंधित बताकर युवतियों को अपने प्रेमजाल में फंसाने और शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग और बालिक युवतियों से रेप करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी द्वारा शारीरिक संबंध बनाने के पश्चात पीडि़तों को डरा-धमकाकर पैसों की मांग की जाती थी।
मिली जानकारी के अनुसार थाना डोंगरगांव में एक नाबालिग और एक बालिक युवतियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि तरूण सेन द्वारा अलग-अलग स्थानों में अलग-अलग समय पर दुराचार किया है। थाना डोंगरगांव में अपराध क्र. 197/2026 धारा 69, 351(1), 308(1) बीएनएस एवं अपराध क्रमांक 198/26 धारा 137(2), 64(2) (एम), 308(1), 351(1) बीएनएस 4, 6 पाक्सो एक्ट के प्रकरणों में एएसपी कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना डोंगरगांव पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।
पीडि़तों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी तरूण सेन 22 साल निवासी माथलडबरी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध स्थापित किया गया तथा बाद में डरा-धमकाकर पैसों की मांग की गई। दोनों प्रकरण में एक ही आरोपी होने व प्रकरण की गंभीरता को देखते डोंगरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की पता तलाश की गई। 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा और पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


