राजनांदगांव

मोहला-मानपुर के जंगलों पर महाराष्ट्र के तस्करों ने मचाई तबाही
26-May-2026 2:57 PM
मोहला-मानपुर के जंगलों पर महाराष्ट्र के तस्करों ने मचाई तबाही

 60 से ज्यादा पेड़ों की अवैध कटाई, रेंजर और बीटगार्ड सस्पेंड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मई।
नक्सल समस्या के खात्मे के बाद जंगलों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के बीच महाराष्ट्र के तस्करों ने मोहला-मानपुर जिले के घने जंगलों में तबाही मचा दी है। तस्करों ने एक क्षेत्र में 60 से ज्यादा बेशकीमती वृक्षों की अवैध कटाई कर ठूंठ में बदल दिया है।

दिलचस्प बात यह है कि महाराष्ट्र से आए तस्कर जंगल में उत्पात मचाते रहे और मोहला-मानपुर वन महकमे को भनक काफी देर बाद लगी।  घटना सामने आने के बाद डीएफओ दिनेश पटेल ने  डिप्टी रेंजर और बीटगार्ड को निलंबित कर दिया है।  वन विभाग मामले की छानबीन कर रहा है।

इस संबंध में डीएफओ दिनेश पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि अवैध कटाई होने पर डिप्टी रेंजर और बीटगार्ड को निलंबित किया गया है। तस्करों की पतासाजी की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक मोहला-मानपुर जिले के देववाड़वी सर्किल में बड़े स्तर पर सागौन के पड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया। महाराष्ट्र के तस्करों ने बेखौफ पेड़ों को काटकर ठूंठ में बदल  दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद डीएफओ ने डिप्टी रेंजर पुरूषोत्तम सिंह भलावी और बीटगार्ड हेमचंद लहरा को तत्काल निलंबित कर दिया। एक जानकारी के मुताबिक देववाड़वी के बीट टाटेकसा के जंगल में सागौन की पेड़ों की अवैध तरीके से कटाई कर दी गई। जिसमें 15 नग सागौन व अन्य 15 नग पेड़ को तस्करों ने काट दिया।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों के खौफ के चलते वन सुरक्षित थे। इस समस्या के खत्म होते ही तस्करों ने जंगलों में अवैध कटाई शुरू कर दिया है। नक्सलियों की मौजूदगी के चलते तस्कर जंगल के भीतर घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। अब नक्सल समस्या खत्म होने के बाद पेड़ों की अवैध कटाई धड़ल्ले से की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट