राजनांदगांव

घुमका नगर पंचायत चुनाव: बैज ने भाजपा सरकार की खामियां गिनाते प्रचार पर दिया जोर
24-May-2026 10:20 PM
घुमका नगर पंचायत चुनाव: बैज ने भाजपा सरकार की खामियां गिनाते प्रचार पर दिया जोर

कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई।
घुमका नगर पंचायत चुनाव में फतह हासिल करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को घुमका में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लंबी बैठक की।
बैठक में उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा की खामियों को गिनाते हुए प्रचार करने पर जोर दिया। उन्होंने चुनावी रणनीति के तहत सरकार के नाकामियों को एक अहम मुद्दा बनाते हुए चुनाव में लोगों से जनसमर्थन मांगा। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के जिला स्तर के नेताओं के साथ बैठक की। बैज ने सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि विष्णुदेव साय सरकार पूरी तरह से जमीनी स्तर पर नाकाम साबित हो रही है। हर वर्ग में सरकार को लेकर हताशा का माहौल बन गया है। ऐसे में कांग्रेस के पास चुनाव जीतने के लिए अनुकूल परिस्थितियां है। घुमका में उन्होंने पार्षद प्रत्याशियों के साथ भी सकारात्मक चर्चा की।

उन्होंने वार्ड स्तर पर भाजपा को घेरने के लिए प्रत्याशियों को जरूरी टिप्स दिए। करीबन 3 घंटे तक दीपक बैज ने चुनावी रणनीति को मूर्त रूप देने के लिए विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने जिला स्तर के नेताओं को एकजुट होकर चुनाव लडक़र पार्टी के पक्ष में नतीजे लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनाव को लेकर  प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी है। जिसमें दलेश्वर साहू को संयोजक बनाया गया है। इसक अलावा पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, विधायक यशोदा वर्मा, हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक छन्नी साहू, भुनेश्वर बघेल के साथ राजनांदगांव शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, पूर्व जिलाध्यक्ष नवाज खान, वरिष्ठ नेता श्रीकिशन खंडेलवाल के अलावा पूर्व महापौर हेमा देशमुख को भी जिम्मेदारी सौंपी है।


अन्य पोस्ट