राजनांदगांव

इंस्टाग्राम से दोस्ती कर लडक़ी ने की 3 लाख की ठगी
24-May-2026 1:42 PM
इंस्टाग्राम से दोस्ती कर लडक़ी ने की 3 लाख की ठगी

 बीमारी और पारिवारिक तकलीफ सुनाकर छात्र से की धोखाधड़ी
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई।
इंस्टाग्राम में दोस्ती कर एक लडक़ी ने एक छात्र से बीमारी और पारिवारिक तकलीफ की कहानी सुनाकर लाखों रुपए की ठगी की। छात्र की शिकायत पर युवती के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है। युवती टेडेसरा की रहने वाली है और छात्र राजनांदगांव के नंदई वार्ड का रहने वाला है। छात्र ने युवती पर भरोसा कर उसे रुपए दिए थे। बाद में उसकी असलियत सामने आई। बसंतपुर पुलिस ने युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक 21 साल के नंदई के रहने वाले ओम सोनकर का टेडेसरा की रहने वाली दामिनी उर्फ कविता कोचेकर, सोनल उर्फ बबीता कोचेकर और मोनू चिरोटकर के खिलाफ धोखाधड़ी करने की पुलिस से शिकायत की थी। छात्र के मुताबिक  अप्रैल 2024 में टेडेसर की रहने वाली दामिनी से उसकी इंस्टाग्राम के जरिये जान-पहचान हुई। बाद में दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई। छात्र के भोलेपन का फायदा उठाते हुए युवती ने खुद को ब्लड कैंसर, माईग्रेन और अन्य शारीरिक बीमारियों से पीडि़त होने की झूठी कहानी बताई।

दामिनी ने अपनी बहन सोनल और एक साथी सोनू चिरोटकर के साथ मिलकर उसे बीमारी होने का विश्वास दिलाया। इन तीनों ने मिलकर अपने-अपने बैंक खातों से छात्र से अलग-अलग तारीखों में दो से 8 और कभी 10 हजार रुपए जमा कराए। इस तरह छात्र ने 3 लाख रुपए युवती के कहने पर दिया। बाद में उसकी कहानी सामने आई। यह भी बताया गया है कि छात्र से आरोपियों ने एक मोबाइल का ईएमआई का भुगतान भी करवाया।
इस तरह छात्र को तीनों ने मिलकर  छलने का काम किया। युवती के रवैये और उसके बर्ताव को लेकर छात्र को काफी देर बाद ठगी का शिकार होने का अहसास हुआ और उसने युवती से रकम वापस मांगा, लेकिन उसे तीनों ने छेड़छाड और अन्य मामलों में फंसाने की धमकी देकर डराया-धमकाया। बसंतपुर पुलिस के समक्ष छात्र ने अपने साथ हुए धोखाधड़ी की शिकायत की है। आरोपियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट