राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मई। भोपाल एनसीओई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रदेश के अवि मानिकपुरी का चयन अंडर-18 एशिया कप जो कि काकामिगहारए (जापान) में 29 मई से 6 जून तक आयोजित है, किया गया है। अवि का चयन 15 से 20 मई तक भोपाल में आयोजित इंडिया-आस्ट्रेलिया सीरिज में उत्कृष्ट खेल के प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि एफआईएच ने इस नए फार्मेट की नई शुरूआत की है। पूर्व में केवल जूनियर व सीनियर वर्ग के खिलाडिय़ों का ही एशिया कप आयोजित होता था, इस ग्रुप के खिलाडिय़ों को मौका देने हॉकी इंडिया ने एक नई शुरूआत की है। जिससे नए एवं युवा खिलाडिय़ों को एक नया प्लेटफार्म मिलेगा। जिससे वो अपने खेल को और अच्छे से निखार सके। उन्होंने बाताया कि अवि छत्तीसगढ़ हॉकी की ओर से विगत 4 वर्षों से सब जूनियर व जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहा है। वर्तमान में वह एनसीओई भोपाल में ओलंपिंयन समीर दाद से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह बड़े ही गर्व का विषय है कि प्रदेश का बेटा देश के लिए खेलने जा रहा है। बिलासपुर का रहने वाला अवि ने शुरूआती दौर में बिलासपुर के पुलिस हॉकी ग्राउंड में हॉकी के गुण और हॉकी की बारीकियां सीखकर अपनी पहचान बनाई। उसके बाद उसका चयन खेलो इंडिया सेंटर बहतराई बिलासपुर के लिए हुआ था। अवि मानिकपुरी विगत कई वर्षो तक छत्तीसगढ़ हॉकी की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुका है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरा प्रदेश गौरवान्वित है।
अवि मानिकपुर का अंडर-18 एशिया कप में चयन होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, कोटा विधायक सुशांत शुक्ला, खेल एवं युवा कल्याण विभाग निदेशक तनुजा सलामे, महापौर मधुसूदन यादव, छग हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, छग हॉकी महासचिव मनीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडी रविशंकर, हरिंदर सिंग, एमवाय कुरेशी, विनीत नावघरे, मंजुला बिस्वास, गोपेस्वर कहरा, राजेश मंडावी, वर्षा शर्मा, रीना बोरकर, आशा थॉमस, सहित सभी हॉकी खिलाडिय़ों ने प्रसन्नता व्यक्त की और अवि मानिकपुरी को अच्छा प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।


