राजनांदगांव
प्रदेश सचिव का नाम भी नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मई। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित गड़बडिय़ों को लेकर अब राजनीतिक विरोध तेज हो गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बड़ी संख्या में स्थाई निवासियों के नाम मतदाता सूची से गायब होने के मामले सामने आने लगे हैं। इसे लोकतंत्र और निर्वाचन प्रक्रिया से खिलवाड़ बताते शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुवार को जिला कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और तत्काल सुधार की मांग की।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने डिप्टी कलेक्टर से मुलाकात कर निर्वाचन प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही और घपलेबाजी का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस लगातार आशंका जता रही थी कि मतदाता सूची के नाम पर सुनियोजित तरीके से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, जो अब खुलकर सामने आने लगा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं राजनांदगांव निवासी मेहुल मारु सहित उनके परिवार के छह सदस्यों ने बीएलओ के माध्यम से पूरी प्रक्रिया पूरी करते सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे। इसके बावजूद अब उनका नाम मतदाता सूची से गायब है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करने वाला गंभीर विषय है।
श्री मुदलियार ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में मैदानी अमले से लेकर फार्म ऑडिट तक भारी लापरवाही बरती गई। लोगों से फार्म भरवाने के बाद उन्हें पेशियों में बुलाया गया और उसके बाद भी उनके नाम सूची से काट दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील कार्य में इस प्रकार की अव्यवस्था और लापरवाही यह संकेत देती है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही। कांग्रेस को आशंका है कि योजनाबद्ध तरीके से मतदाताओं के नाम हटाने का काम किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस सचिव मेहुल मारु ने कहा कि उन्होंने बीएलओ के निर्देशानुसार सभी दस्तावेज उपलब्ध कराए और प्रक्रिया का पालन किया, इसके बावजूद उनका नाम सूची में नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें केवल अपने नाम की चिंता नहीं है, बल्कि इस बात की चिंता है कि न जाने ऐसे कितने नागरिक होंगे जिनके नाम बिना जानकारी के काट दिए गए होंगे। कई लोग अब भी इस गड़बड़ी से अनभिज्ञ हैं। यह सीधे तौर पर वोट चोरी का गंभीर मामला प्रतीत होता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता पूरी तरह संदिग्ध हो चुकी है और निर्वाचन विभाग को तत्काल सभी शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि जिन लोगों के नाम बिना कारण हटाए गए हैं, उन्हें तत्काल पुन: सूची में जोड़ा जाए। कांग्रेस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें, क्योंकि सर्वे के दौरान बड़ी संख्या में नाम काटे जाने की शिकायतें सामने आई है। इस दौरान रुपेश दुबे, पदम कोठरी, विवेक वासनिक, पंकज बाधव, चेतन भानुशाली, लक्ष्मण साहू, देवेश वैष्णव, प्रदीप राठौर, वीरेंद्र चंद्रकार, सुरेन्द्र देवांगन, आशीष साहू, जय जायसवाल उपस्थित थे।