राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 मई। मुढ़ीपार के शराब दुकान के पास से एक दोपहिया वाहन की डिक्की से नगदी रकम, 2 नग जमीन का पर्चा, एक नग पासबुक एवं 2 नग किसान क्रेडिट कार्ड की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार केसीजी जिले के गातापार थाना क्षेत्र के ग्राम मुढ़ीपार में 14 मई को लगभग 12.30 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी मोरध्वज वर्मा 40 वर्ष निवासी ग्राम करेला के टीवीएस वाहन लुना की डिक्की से चोरी की घटना कारित की गई थी। प्रार्थी द्वारा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुढ़ीपार से निकाले गए 50 हजार नगद, 2 नग जमीन का पर्चा, एक नग पासबुक एवं 2 नग किसान क्रेडिट कार्ड को शासकीय शराब दुकान मुढ़ीपार के सामने वाहन की डिक्की में रखा था, जिसे अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गातापार में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही हितेष निषाद 25 साल निवासी मुढ़ीपार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा 14 मई को चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके कब्जे से 48 हजार 500 नगद, 2 नग जमीन का पर्चा, 01 नग पासबुक एवं 2 नग किसान क्रेडिट कार्ड गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं 01 नग मोबाइल को भी जब्त किया गया। आरोपी हितेष निषाद के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 19 मई को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई।
प्रकरण अजमानतीय होने से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।


