राजनांदगांव

कॉलोनियों में सोलर पैनल व रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने करें प्रेरित
17-May-2026 4:07 PM
कॉलोनियों में सोलर पैनल व रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने करें प्रेरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मई।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शनिवार को  राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर इस वित्तीय वर्ष में नए डिमांड के अनुसार शत-प्रतिशत वसूली किए जाने के निर्देश सहायक राजस्व निरीक्षक एवं सभी राजस्व उप निरीक्षकों को दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली के दौरान कालोनियों में सोलर पैनल लगाने तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने भी प्रेरित करें।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष में प्रयास के बावजूद अपेक्षाकृत वसूली प्राप्त नहीं हुई थी, कुछ लोगों ने वसूली में अच्छा मेहनत किया और कुछ लोगों ने कम मेहनत किया। इसी के परिणाम स्वरूप लक्ष्य के विरूद्ध वसूली कम प्राप्त हुई। कम वसूली से वेतन देने में भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई माह से ही डिमांड के विरूद्ध वसूली करें तथा वित्तीय वर्ष के प्रारंभ से ही मेहनत करें, घर-घर जाकर वसूली करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा खुली व आवासीय भूमि में 10 प्रतिशत तथा व्यवसायिक व औद्योगिक में 20 प्रतिशत सम्पत्तिकर निर्धारित किया गया है। उसके आधार पर वार्डवार गणना की गई है। जिसके अनुरूप इस वर्ष के डिमांड दुरूस्त कर डिमांड के अनुरूप वसूली करे। अगले सप्ताह तक हर वार्ड की नई डिमांड दुरूस्त होनी चाहिए तथा गत् वर्ष गणना में कोई त्रुटि हुई होगी उसको दुरूस्त कर इस वर्ष नए के आधार पर गणना करना है। इसमें कोई भी भूमि, भवन, मकान, दुकान न छूटे वसूली के लिए। महावार लक्ष्य निर्धारित कर वसूली करना सुनिश्चित करें।

आयुक्त ने कहा कि राजस्व वसूली के दौरान अपने प्रभारित वार्ड के मकान, दुकान के अलावा मोबाईल टावर, विद्युत पोल आदि की भी जानकारी रखे। इसके अलावा शासकीय भवन, (निगम स्वामित्व या सामुदायिक भवन) की भी जानकारी रखे। प्रतिमाह निर्धारित दर 200 रुपए के आधार पर जलकर वसूली करना सुनिश्चित करें। प्रत्येक घरों में नल कनेक्शन की भौतिक सत्यापन करें, जिनके द्वारा लंबे समय से जलकर जमा नहीं किया गया है, उनसे शुरू से वसूली करना सुनिश्चित करें। जल विभाग से नए नल कनेक्शन की सही जानकारी लें और उसे डिमांड में चढ़ावे।

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में जो भवन नंबरिंग किया गया है उससे डिमांड मिलान करें एवं उसके आधार पर वसूली करें। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली के दौरान कॉलोनियों के भवनों में सूर्यघर मुफ्त बिजली लगने की जानकारी लें एवं उन्हें सोलर पेनल लगाने प्रेरित करें। इसी प्रकार प्रत्येक भवनवार रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण की भी जानकारी संग्रहित करें तथा उन्हें भू-गर्भ में जल स्तर बढ़ाने वाटर हार्वेस्टिंग  लगाने समझाईस दें।
आयुक्त ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की कोताही न बरते। जनगणना में लगे कर्मचारी जनगणना के साथ-साथ वसूली करना सुनिश्चित करेंगे, क्योकि जनगणना कार्य प्रभारित वार्ड में ही करना है। उन्होंने कहा कि सभी वार्ड प्रभारी वसूली के पश्चात कार्यालयीन समय के द्वितीय पाली में कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और करदाताओ से राजस्व कर लेकर अन्य कार्य संपादित करेंगे। बैठक में र्कापालन अभियंता (संविदा)यूके रामटेके, प्र.राजस्व अधिकारी हितेश ठाकुर सहित सहायक राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व उप निरीक्षक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट