राजनांदगांव

प्रीमियम शराब दुकान बंद करने भूमि स्वामी ने की पहल
16-May-2026 5:03 PM
प्रीमियम शराब दुकान बंद करने भूमि स्वामी ने की पहल

राजनांदगांव, 16 मई। चौधरी परिवार ने एक अहं निर्णय लिया है और वो अपनी निजी जमीन पर संचालित प्रीमियम शराब दुकान को बंद करवाने का आवेदन दे चुके हैं। ज्ञात हो कि राजनांदगांव के अंबेडकर चौक में स्थित प्रीमियम शराब दुकान वरिष्ठ समाजसेवी अशोक चौधरी  के स्वामित्व वाली जगह पर किराये से शासन द्वारा संचालित की जा रही थी, लेकिन अब अनुबंध पूर्ण रूप से समाप्त हो जाने के बाद उन्होंने निर्णय लिया है कि शराब दुकान को किराये से अपनी भूमि नहीं देंगे।
अशोक चौधरी के पुत्र ऋषिदेव चौधरी ने शुक्रवार को  कलेक्टर राजनांदगांव व आबकारी अधिकारी को आवेदन देकर शराब दुकान बंद करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज में शिक्षा, समानता, जागरूकता एवं सामाजिक उत्थान के मूल्यों को स्थापित करने का कार्य किया।

अंबेडकर चौक जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सार्वजनिक स्थल पर शराब दुकान का संचालन उनके आदर्शों को ठेस पहुंचाने जैसा प्रतीत होता है। यह कि इस क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग एवं आम नागरिक आवागमन करते हैं। शराब दुकान के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है तथा युवाओं पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। समाज के अनेक नागरिकों द्वारा भी समय-समय पर इस संबंध में चिंता व्यक्त की गई है। पत्र में कहा गया है कि एग्रीमेंट अवधि समाप्त होने के कारण मेरी निजी भूमि में संचालित उक्त शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद कराने/अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की कृपा करें, ताकि क्षेत्र में सामाजिक एवं सकारात्मक वातावरण बना रहे तथा डॉ. अंबेडकर के आदर्शों के अनुरूप समाज हित में कार्य हो सके।


अन्य पोस्ट