राजनांदगांव

गढ़चिरौली में ग्रामीण ने की गांजे की खेती
16-May-2026 3:54 PM
गढ़चिरौली में ग्रामीण ने की गांजे की खेती

68 लाख के 91 पौधे जब्त 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा इलाके के एक ग्रामीण के खेत में पुलिस ने दबिश देकर गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है।  मौके पर पुलिस ने ग्रामीण के खेत से लगभग 91 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। बाजार में जब्त गांजे की कीमत 68 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

मिली जानकारी के अनुसार गढ़चिरौली पुलिस ने 14 मई को धनोरा उपमंडल के अंतर्गत धनोरा पुलिस स्टेशन के अधीन मौजा मोहाली में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया। 14 मई को गढ़चिरौली स्थानीय अपराध शाखा को सूचना मिली कि गढ़चिरौली  जिले के धनोरा तहसील के मोहाली निवासी 50 वर्षीय ईश्वर सखाराम पुंगहाटे ने अपने खेत में अवैध रूप से नशीले पदार्थ (गांजा) की खेती की है। सूचना के आधार पर गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में  स्थानीय अपराध शाखा और धनोरा चौकी की एक पुलिस टीम मोहाली के मौजा के लिए रवाना हुई।

पुलिस टीम जब खेत पर छापा मारा, तो उसके खेत में छोटे-बड़े फूलों वाले कुल 91 हरे रंग के गीले गांजे के पौधे पाए गए। निरीक्षण के दौरान खेत में उगाए गए 136.25 किलोग्राम गांजा की कुल मात्रा पाई गई। जिसकी कीमत 50 हजार रुपए प्रति किलोग्राम थी, यानी कुल 68 लाख 12 हजार 500 रुपए है। आरोपी ने उक्त मादक पदार्थ को बेचने के इरादे से अपने ही खेत में उगाया था, इसलिए आरोपी ईश्वर सखाराम पुंगहाटे के खिलाफ 14 मई को धनोरा पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट (एनडीपीएस) 1985 की धारा 8 (क), 20 (ख) (द्बद्ब) (क) के तहत मामला दर्ज किया गया और बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया। आरोपी को दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और धनोरा चौकी के सपोनी प्रशांत श्रीकृष्ण जांगले द्वारा अपराध की आगे की जांच की जा रही है।

उक्त कार्रवाई गढ़चिरोली के पुलिस अधीक्षक एम.  रमेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधीरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोकुल राज के मार्गदर्शन, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगड़े, उप-निरीक्षक भगत सिंह दुलत, धनोरा चौकी के उप-निरीक्षक प्रशांत जांगले और अनमलदार के नेतृत्व में की गई।

 


अन्य पोस्ट