राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 मई। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के कक्षा पांचवीं एवं आठवीं के परीक्षा परिणाम विगत दिनों घोषित किए गए। दो वर्ष पूर्व स्थापित एनएसएम पब्लिक स्कूल अंबागढ़ चौकी के दो विद्यार्थी उक्त बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए। दोनों ही विद्यार्थियों ने अच्छी सफलता प्राप्त की और 94 तथा 95 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
एनएसएम पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत मिश्रा ने बताया कि संस्था में पहली बोर्ड परीक्षा आयोजित हुई। जिसमें दो छात्राओं ने पांचवीं बोर्ड की परीक्षा दी। घोषित परिणामों में संस्था की छात्रा रितिका साहू पिता हेमंत-वीणा साहू ने 95 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसी तरह अलिजा खान पिता जावेद अहमद - शबनम नाहिद खान ने 94 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल की गुणवत्ता शिक्षा का परिचय दिया। संस्था के शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। नांदगांव शिक्षा मंडल राजनांदगांव के अध्यक्ष सुरेश एच. लाल सहित सभी पदाधिकारियों ने पहले बोर्ड परिणाम के उत्कृष्ट होने पर संस्था में कार्यरत शिक्षकों को साधुवाद दिया।


