राजनांदगांव
राजनांदगांव, 7 मई। जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण के महामंत्री महेन्द्र यादव ने पद्मश्री फुलबासन यादव के अपहरण की घटना को अत्यंत निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा सरकार के तथाकथित ‘सुशासन’ की वास्तविकता को उजागर करती है, जब एक पद्मश्री से सम्मानित महिला ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। लूट, हत्या, बलात्कार और अपहरण जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी होना एक जरूरी कदम है, लेकिन केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहि, ताकि भविष्य में इस प्रकार के जघन्य अपराध करने वालों के मन में कानून का भय उत्पन्न हो सके। श्री यादव ने मांग की है कि इस प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाए तथा पद्मश्री फुलबासन यादव को समुचित सुरक्षा प्रदान की जाए।


