राजनांदगांव

जिला सर्व यादव समाज ने फुलबासन की सुरक्षा की रखी मांग
07-May-2026 4:04 PM
जिला सर्व यादव समाज ने फुलबासन की सुरक्षा की रखी मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 मई।
 छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता पद्मश्री फुलबासन यादव की सुरक्षा की मांग को लेकर जिला सर्व यादव समाज ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम से जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। समाज के पदाधिकारियों ने जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर फुलबासन यादव और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि फुलबासन देशभर में महिला स्व-सहायता के माध्यम से महिलाओं में जागरूकता उत्पन्न करने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही हैं। 5 मई 2026 को उनका राजनांदगांव से अपहरण का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता से शीघ्र ही अपहरणकर्ता पकड़ लिए गए थे, किन्तु छत्तीसगढ़ सहित देशभर में सामाजिक कार्य से भ्रमण करने वाली श्रीमती यादव का प्रदेश के गृ मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के क्षेत्र राजनांदगांव से अपहरण हो जाना अत्यंत चिंताजनक है।   ज्ञापन सौंपने वालों में जिला सर्व यादव समाज के रितेश यादव, भोला यादव, विनोद यादव बंटी, गरीबाराम यादव, उपेंद्र यादव, राजेश यादव, शेखर यादव, राधे लाल यादव, अमन यादव, दीपक यादव, महेश यादव, अभ्यास यादव, मालती यादव, शोभा यादव आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी समाज के सचिव पूनाराम यादव ने दी।

 


अन्य पोस्ट