राजनांदगांव
जिले में दोनों बोर्ड के परिणाम 89 व 87 फीसदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अप्रैल। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम में इस बार भी राजनांदगांव जिले को टॉप-10 में जगह नहीं मिली। हालांकि समूचे जिले का दोनों बोर्ड परीक्षा का परिणाम 89.41 प्रतिशत और 87.56 फीसदी रहा।
राजनांदगांव को लगातार टॉप-10 में जगह बनाने के लिए मायूसी हाथ लगी है। जबकि शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल ने प्रशासन को उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने के लिए आश्वस्त किया था। बताया जा रहा है कि टॉप-10 में जगह नहीं मिलने को लेकर शिक्षा विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर 12वीं में ग्रामीण क्षेत्र सुरगी स्कूल के छात्र गजेन्द्र कुमार साहू ने जिले में सर्वाधिक 95.60 फीसदी अंक अर्जित कर अव्वल स्थान प्राप्त किया है। जबकि 10वीं बोर्ड में एलबी नगर स्कूल की छात्रा कु. उपमा सिन्हा ने 97.17 फीसदी अंक प्राप्त कर जिलेभर में पहला स्थान हासिल किया है। दोनों छात्र-छात्राएं ग्रामीण परिवेश से है। ऐसे में दोनों की सफलता को ग्रामीण क्षेत्र की मजबूत शिक्षा व्यवस्था का असल परिणाम माना जा रहा है।
इस बीच 12वीं बोर्ड में जिला स्तर पर 10 विद्यार्थी टॉपर रहे हैं। 10वीं बोर्ड में भी 10 विद्यार्थियों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। एक जानकारी के मुताबिक 12वीं बोर्ड में 9 हजार 185 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा परिणाम 87.56 प्रतिशत रहा। 12वीं बोर्ड में 4888 ने प्रथम, 3006 ने द्वितीय और 139 ने तृतीय स्थान हासिल किया। 12वीं बोर्ड में बालिकाओं का बालकों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन रहा।
बालिकाओं ने 89.61 और बालकों ने 84.57 अंक प्राप्त किया। इसी प्रकार 10वीं बोर्ड में 11433 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जिसमें 5614 ने प्रथम श्रेणी, 4213 ने द्वितीय श्रेणी और 350 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 10वीं बोर्ड में बालिकाओं का प्रतिशत 91.56 रहा। जबकि बालकों का प्रतिशत 86.57 रहा। इस बीच शिक्षा विभाग का दावा है कि बीते वर्ष की तुलना में परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। राजनांदगांव जिले को शैक्षणिक हब के रूप में प्रचारित किया जा रहा है, लेकिन टॉप-10 में जगह नहीं मिलने से जिले की शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा हो गया है।
सफाईकर्मी का बेटा बना जिला टॉपर
12वीं बोर्ड के नतीजों में आदर्श ग्राम सुरगी का एक गरीब परिवार व सफाई कर्मी का बेटा जिला टॉपर बना। सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत से 12वीं कला संकाय का छात्र गजेन्द्र कुमार ने 95.60 फीसदी अंक लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छात्र के इस उपलब्धि से न सिर्फ माता-पिता को गौरव का अनुभव हो रहा है, बल्कि समूचे गांव में इस परिणाम से हर कोई अपनी ओर से गजेन्द्र को बधाई और शुभकामनाएं दे रहा है। गजेन्द्र के पिता हेमंत साहू प्राथमिक स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रहे हैं। जबकि माता देवंतीन साहू गृहणी है। गजेन्द्र का परिवार गरीबी के प्रभाव में रहा है। ऐसे में छात्र ने अपनी उत्कृष्ठ शैक्षणिक प्रतिभा से परिजनों का मान बढ़ाया है। उसकी इस सफलता पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव और गांव के अन्य लोगों ने बधाई दी।
12वीं टॉपर्स के नाम
क्र. नाम स्कूल का नाम प्रतिशत
1 गजेन्द्र कुमार साहू शा. स्कूल सुरगी 95.60
2 भूपेन्द्र कुमार चंदेल शा. स्कूल स्टेट स्कूल 94.60
3 साक्षी वर्मा शा. स्कूल डीलापहरी 94.40
4 सांई कुमार साहू सरस्वती स्कूल डोंगरगढ़ 94.40
5 हिमांशी डोंगरे स्वामी आत्मानंद बख्शी स्कूल 94.20
6 भेषमणि साहू शा. स्कूल पटेवा 93.00
7 खेमेन्द्र देवांगन शा. स्कूल रीवागहन 93.00
8 झरना देवांगन गायत्री विद्यामंदिर 93.00
9 सचिता साहू शा. स्कूल चिरचारीकला 92.80
10 हर्षिता साहू आत्मानंद सर्वेश्वरदास स्कूल 92.60
10वीं टॉपर्स के नाम
क्र. नाम स्कूल का नाम प्रतिशत
1 उपमा सिन्हा शा. गल्र्स स्कूल एलबी नगर 97.17
2 ईशा वर्मा शा. हा. स्कूल सलोनी 97.17
3 दीपविजय गेंडरे शा.हा. बोरी 97.17
4 वेणुगोपाल देवांगन स्वामी आत्मानंद एलबी नगर 95.83
5 सौम्या साहू शा. स्कूल मुढ़ीपार 95.67
6 पूर्णिमा देवांगन शा. स्कूल बजरंगपुर नवागांव 95.33
7 विधि साहू स्वामी आत्मानंद बख्शी स्कूल 95.17
8 अभिनव बंधे शा. स्कूल शंकरपुर 95.17
9 भूमिका शा. स्कूल खुर्सीपार 95.17
10 लक्ष्य कुमार साहू शा. स्कूल हरडुवा 95.17


