राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अप्रैल। विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल की अध्यक्षता में भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय में आयोजित उक्त बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए।
श्री अग्रवाल ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों के संबंध में मंडल के लोगों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की चिंता करते बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की स्वीकृति दी है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गति और रफ्तार पकड़ेगी।
इस दौरान ग्रामीण मंडल के पदाधिकारियों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर विधायक प्रतिनिधि श्री अग्रवाल ने त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। प्रमुख रूप से गांवों में अटल समरसता भवन, पानी टंकी निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण, गौरवपथ निर्माण, नवीन पंचायत भवन तथा उचित मूल्य की दुकानों के संचालन हेतु भवन निर्माण को लेकर ग्रामीण क्षेत्र की मांगों से अवगत कराया गया, जिस पर श्री अग्रवाल ने कहा कि पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कई गांवों में नए पंचायत भवनों के निर्माण का भूमिपूजन हो गया है और अन्य स्थानों पर जल्द ही नए निर्माण कार्य शुरू होंगे। बैठक में श्री अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्धता दिखानी होगी। यदि कहीं निर्माण कार्य में विलंब हो रहा हो तो अवगत कराएं, ताकि समस्या का निराकरण कर विकास कार्यों को द्रुत गति से पूरा किया जा सके।
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष रोहित चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देव कुमारी साहू, लीलाधर साहू, कृष्णा तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज साहू, खिलेश्वर साहू, मंडल के महामंत्री व शक्ति केंद्र प्रभारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। —


