राजनांदगांव
राजनांदगांव, 19 अप्रैल। अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा की बिक्री के लिए वाहन की डिक्की में छिपाकर रखे 2 किलो गांजा को गंडई पुलिस ने आरोपी से बरामद किया। आरोपी के विरूद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एवं मोटर साइकिल सहित कुल जुमला कीमती 30 हजार रुपए को जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि मंगल तिवारी कुम्हारपारा वार्ड नं. 10 टावर के पास अपने वाहन की डिक्की में गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखा है। सूचना पर घेराबंदी के दौरान टावर के पास मोटर साइकिल पर एक व्यक्ति बैठा मिला। जिसने पूछताछ पर अपना नाम मंगल तिवारी बताया। तलाशी लेने पर मोटर साइकिल की डिक्की के अंदर थैले में भूरा पदार्थ पाया गया।
गवाहों द्वारा पदार्थ की पहचान सूंघकर, रगडक़र, जलाकर एवं एनडीपीएस किट के माध्यम से की गई। जिससे पुष्टि हुई कि उक्त पदार्थ गांजा है। बरामद गांजा 2 किलोग्राम कीमती 20 हजार रुपए एवं प्रयुक्त मोटर साइकिल कीमती 10 हजार रुपए को जब्त किया गया। आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने एवं बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।