राजनांदगांव

नाबालिग अपहृता अहमदाबाद से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
18-Apr-2026 5:17 PM
नाबालिग अपहृता अहमदाबाद से बरामद, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल।
केसीजी पुलिस ने आपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग अपहृता को सकुशल अहमदाबाद से बरामद किया। अपहरणकर्ता को गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर  भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार 27 मार्च को प्रार्थी द्वारा थाना खैरागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री जो अपनी नानी के गांव थाना खैरागढ़ क्षेत्र में आई हुई थी, को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खैरागढ़ में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) भा.न्या.सं. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
 मामले की गंभीरता को देखते पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी एवं अपहृता की पतासाजी की गई। जांच के दौरान उनके अहमदाबाद गुजरात में होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल विशेष टीम गठित कर रवाना किया गया।

इधर 14 अप्रैल को अहमदाबाद के ओढव थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिनाथ गोकुलनगर सोसायटी में दबिश देकर घेराबंदी की गई।
मौके पर आरोपी पिंटू बंजारे 18 वर्ष निवासी डोकराभाठा, थाना खैरागढ़ को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर  अपहरण करने एवं उसके साथ जबरदस्ती रेप करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में विधिसम्मत कार्रवाई उपरांत आरोपी पिंटू बंजारे को 16 अप्रैल को  विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट