राजनांदगांव

गैस टंकी-नगद समेत चावल की बोरी पार, 2 चोर गिरफ्तार
18-Apr-2026 5:02 PM
गैस टंकी-नगद समेत चावल की बोरी पार, 2 चोर गिरफ्तार

 ‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल।
 घुमका इलाके के एक सूने मकान से गैस टंकी-नगदी समेत चावल की बोरियां पार करने के आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा है। पुलिस आरोपियों से इलाके के कुछ और घरों  में हुई चोरी को लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
 मिली जानकारी के अनुसार छोटे बिरेझर की एक महिला ने पुलिस से चोरी के संंबंध में शिकायत की थी। जिसमें उसने बताया कि 12 अप्रैल को वह इलाज के लिए  राजनांदगांव गई थी। इस दौरान घर में ताला लगा हुआ था। जब वह वापस लौटी तो देखा कि घर से गैस सिलेंडर, 22 हजार नगद और चावल की बोरिया गायब थी।

बताया जा रहा है कि महिला के घर के मुख्य द्वार और अंदर के कमरे में ताला सही मिला। लेकिन दूसरे कमरे का ताला टूटा मिलने पर महिला को चोरी का अंदेशा हुआ। कमरे की तलाश करने पर 22 हजार नगदी के साथ गैस सिलेंडर को चोरों ने पार कर दिया। महिला इलाज करने के लिए जब राजनांदगांव में थी उसी दिन सेंधमारी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया।
चोरी की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते छोटे बिरेझर के सुरेश मारकंडे और दुर्ग जिले के बोरी के दिलेश्वर चर्तुवेदी को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के समक्ष दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। घुमका थाना प्रभारी विजय मिश्रा ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि चोरों के पास से 20 हजार नगद और अन्य सामान जब्त किया गया है। चोरों ने नशे की हालत में रात को मकान में घुसकर घटना को अंजाम दिया था। चोरी के आरोप में दोनों को जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट