राजनांदगांव

चाकूबाजी से भडक़े लोगों ने पुलिस चौकी घेरा
15-Apr-2026 3:38 PM
चाकूबाजी से भडक़े लोगों ने पुलिस चौकी घेरा

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अप्रैल।
कोतवाली थाना के अधीन  चिखली पुलिस चौकी में बुधवार को शांतिनगर के रहने वाले बाशिंदों ने बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकी का घेराव किया। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि चाकूबाजों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने में ढील बरत रही है। परिणामस्वरूप चाकूबाजी की घटनाएं जहां बढ़ी है।

वहीं अपराधियों के दिलो-दिमाग से कानून का डर खत्म हो गया है। कुछ अन्य सुरक्षात्मक मुद्दों को लेकर आज सुबह शांतिनगर के रहवासियों ने चौकी में पहुंचकर नारेबाजी की। पुलिस पर कई तरह के गंभीर आरोप भी लगाए।
मिली जानकारी के मुताबिक शंकरपुर के रहने वाले कुछ युवकों ने शांतिनगर में धमककर चाकू निकालकर लोगों को डराया और साथ ही कुछ युवकों की बेदम पिटाई कर दी। युवकों की पिटाई को देखकर परिजनों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद शंकरपुर के युवक भाग खड़े हुए। बताया जा रहा है कि शंकरपुर के युवकों का शांतिनगर के युवकों के बीच पूर्व में भी किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। इसी बात से खफा युवकों ने शांतिनगर के युवकों पर चाकू दिखाकर डर का माहौल बनाने का प्रयास किया।  चाकूबाजों के हौसले से नाराज होकर वार्डवासियों ने बुधवार को चिखली पुलिस चौकी में पहुंचकर बदमाशों के विरूद्ध कार्रवाई करने को लेकर प्रदर्शन किया। चिखली पुलिस चौकी प्रभारी कैलाश मरई ने बताया कि कुछ बदमाशों द्वारा उत्पात मचाने का प्रयास किया गया था। उसी विषय को लेकर मोहल्लेवासी पहुंचे थे। पुलिस उचित जांच कर कार्रवाई कर रही है।


अन्य पोस्ट