राजनांदगांव

महापौर ने शांति नगर में किया निरीक्षण, तालाब की सफाई व फेंसिंग के दिए निर्देश
12-Apr-2026 4:02 PM
महापौर ने शांति नगर में किया निरीक्षण, तालाब  की सफाई व फेंसिंग के दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अप्रैल।
आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में साफ-सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर मधुसूदन यादव ने रविवार सुबह वार्ड क्रमांक 10 शांति नगर और चिखली क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने सफाई कर्मियों को नियमित रूप से नालियों की सफाई करने, कचरा समय पर उठाने और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और कचरा निर्धारित व्यवस्था के तहत देने के लिए प्रेरित किया जाए।
महापौर ने रमन बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डबरी तालाब के आसपास सफाई कराने, झाडिय़ों की कटाई करने और सुरक्षा के मद्देनजर तालाब के चारों ओर फेंसिंग कराने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। तालाब की दीवार (टो वॉल) की मरम्मत के लिए भी तकनीकी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दौरे के दौरान उन्होंने चिखली स्कूल मैदान का भी निरीक्षण किया और खिलाडिय़ों से मुलाकात कर खेल सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को मैदान का समुचित संधारण करने, एथलेटिक्स गतिविधियों के लिए उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने और मंच को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जल विभाग के प्रभारी सदस्य सुनील साहू, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पार्षद श्रुति जैन, पार्षद प्रतिनिधि लोकेश जैन सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम का कहना है कि स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर शहर के विभिन्न वार्डों में इसी प्रकार निरीक्षण और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट