राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अप्रैल। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक क्रियान्वयन और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शहर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासनिक टीम विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचकर नागरिकों को योजना की जानकारी दे रही है और उन्हें सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर नगर निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में टीम ने नेहरू नगर, अभिनंदन ग्लेक्सी, जीवन कॉलोनी आशानगर, रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी और साहू अपार्टमेंट सहित कई क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत नागरिक अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर बिजली का उत्पादन कर सकते हैं। इससे न केवल घरेलू बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली को बेचकर आय अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा। योजना के अंतर्गत प्रति प्लांट 30 हजार रुपये से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है, साथ ही बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
विद्युत मंडल के अधीक्षण अभियंता एस. कवर और कार्यपालन अभियंता कौशलेन्द्र पाण्डे ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ऊर्जा उत्पादक बनाना है, जिससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।
प्रशासनिक टीम ने कॉलोनियों में आयोजित बैठकों के माध्यम से लोगों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और नागरिकों में सौर ऊर्जा अपनाने के प्रति रुचि बढ़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने भी योजना को उपयोगी बताते हुए कहा कि वे सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए आवेदन करने पर विचार कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।


