राजनांदगांव

संपत्ति कर के मुद्दे पर निगम घेरेगी कांग्रेस
10-Apr-2026 4:00 PM
संपत्ति कर के मुद्दे पर निगम घेरेगी कांग्रेस

नेता प्रतिपक्ष संतोष जुटा रहे नागरिकों का भी समर्थन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अप्रैल।
भाजपा शासित नगर निगम में संपत्ति कर में भारी वृद्धि को लेकर कर दाता भडक़े हुए हैं। इस वृद्धि के विरोध में विपक्ष कांग्रेस भी खड़ी हो गई है। संपत्ति कर में वृद्धि वापस लेने की मांग को लेकर 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे कांग्रेस नगर निगम कार्यालय का घेराव करेगी।  इस तैयारी में नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले अपने पार्षदों को साथ लेकर नागरिकों का भी समर्थन जुटा रहे हैं। इस आंदोलन की खबर लगते ही निगम प्रशासन सिविल और पुलिस प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं।

नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में की गई बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम बताया है। संपत्ति कर वृद्धि को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने निगम प्रशासन और सरकार पर निशाना साधते कहा कि जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। ऐसे में संपत्ति कर बढ़ाना पूरी तरह जनविरोधी निर्णय है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के चलते पहले ही आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। जिससे आम नागरिकों का बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में 6 प्रतिशत से लेकर 20 प्रतिशत तक की वृद्धि करना जनता पर दोहरी मार डालने जैसा है।
श्री पिल्ले ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और निगम प्रशासन जनहित की बात तो करते हैं, लेकिन उनके फैसले इसके विपरीत दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि इस कर वृद्धि से मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति और कमजोर होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम को जनता की समस्याओं को समझते हुए ऐसे फैसलों पर पुनर्विचार करना चाहिए। बढ़ा हुआ संपत्ति कर न केवल करदाताओं के लिए परेशानी का कारण बनेगा बल्कि इससे उनके घरेलू बजट पर भी सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने ने चेतावनी देते कहा कि यदि निगम प्रशासन ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो जनता के हित में आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट