राजनांदगांव

मानसिक रोगी पूर्व पंच की मेंटल हॉस्पिटल में दूसरे रोगी ने की हत्या
10-Apr-2026 12:18 PM
मानसिक रोगी पूर्व पंच की मेंटल हॉस्पिटल में दूसरे रोगी ने की हत्या

राजनांदगांव के देवादा मानसिक रोगी अस्पताल का मामला
 

राजनांदगांव, 10 अप्रैल।  राजनांदगांव के देवादा स्थित मेंटल हॉस्पिटल में एक पूर्व पंच की दूसरे रोगी ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात को जघन्य हत्या कर दी। मृतक जहां राजनांदगांव शहर के नजदीक कांकेतरा का रहने वाला था। वहीं आरोपी छुईखदान  क्षेत्र का रहने वाला है। हत्या की घटना के चलते अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सोमनी पुलिस घटना की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक कांकेतरा के रहने वाले कांता प्रसाद बंजारे उम्र 42 वर्ष मानसिक रोग से ग्रस्त था। परिजनों ने उसकी स्थिति को देखते हुए देवादा के मेंटल हॉस्पिटल में उपचारार्थ भर्ती किया था। वहीं दूसरे मानसिक रोगी आत्माराम निर्मलकर 47 वर्ष भी मानसिक बीमारी के उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल हुआ था। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात लगभग 2.30 बजे अचानक छुईखदान के बोदली के रहने वाले आत्माराम निर्मलकर ने कांता प्रसाद पर हिंसक हमला कर दिया। एकाएक कातिलाना हमले में कांता प्रसाद को चेहरे और शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोट पहुंची। लहुलुहान  स्थिति में होने के चलते कांता प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि कूलर की तेज आवाज होने की वजह से हमले की जानकारी सुरक्षा गाड्र्स तक नहीं पहुंची, जब तक जानकारी पहुंचती, तब तक कांता प्रसाद बुरी तरह से जख्मी हालत में जमीन में पड़ा था। इस बीच घायल रोगी को अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसे टूट चुकी थी। बताया जा रहा है कि मानसिक रोगी दूसरे व्यक्ति की भी स्थिति काफी खराब थी। इस वजह से उसके द्वारा हमला करने की जरा भी आशंका नहीं थी। ऐसे में यह वारदात होने से बाद अस्पताल प्रबंधन की अंदरूनी सुरक्षा बंदोबस्त कटघरे में खड़ी हो गई है। सोमनी पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। जिसमें यह बात सामने आई है कि गर्मी के मौसम में मानसिक रोगों की दशा काफी बिगड़ जाती है। इस घटना की वजह भी गर्मी के मौसम से उपजी खराब मानसिक दशा को एक वजह के रूप में सामने रखा गया है।

 


अन्य पोस्ट