राजनांदगांव
एसपी का जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च। ठगी गई राशि में कुछ राशि को प्रार्थी को वापस कराए गए। करोड़ों की ऑनलाइन ठगी के मामले में राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। ऑनलाइन निवेश प्लेटफार्म के माध्यम से की गई ठगी में बड़ी राशि वापस कराई गई। साइबर फ्रॉड प्रकरण में पहली बार एक साथ इतनी बड़ी राशि की वापसी हुई।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगांव निवासी विपिन गोस्वामी ने डोंगरगांव थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि पॉलीस फाईनेंस लिमिटेड नामक ऑनलाइन निवेश प्लेटफार्म के प्रतिनिधियों द्वारा अधिक लाभ का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से धनराशि जमा कराई गई। इस प्रकार प्रार्थी से कुल एक करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपए जमा कराकर धोखाधड़ी की गई। शिकायत के आधार पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्र. 15/2026 धारा 318(3), 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में थाना डोंगरगांव एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम द्वारा मामले की गहन जांच की गई। टीम द्वारा सीडीआर विश्लेषण, बैंक खातों के ट्रांजेक्शन का विस्तृत परीक्षण तथा तकनीकी विश्लेषण कर लगभग 397 बैंक खातों को साइबर पोर्टल के माध्यम से होल्ड कराया गया। जिनमें ठगी की राशि ट्रांसफर की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस टीम को मुंबई महाराष्ट्र भी रवाना किया गया तथा संबंधित कंपनी की गतिविधियों की निगरानी की गई। तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप ठगी गई राशि एक करोड़ 3 लाख 20 हजार रुपए में से 85 लाख 31 रुपए की राशि को होल्ड/लीन कराकर न्यायालय के आदेश से प्रार्थी के खाते में वापस कराया गया। राशि प्राप्त होने के पश्चात प्रार्थी द्वारा पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर का आभार व्यक्त किया गया।


