राजनांदगांव

भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मनाया शीतला अष्टमी
11-Mar-2026 4:47 PM
भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मनाया शीतला अष्टमी

परिवार के लोगों को रोगों से दूर रखने की कामना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च।
चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर आज भक्तों ने मां शीतला की पूजा-अर्चना कर शीतला अष्टमी मनाया गया। भक्तों ने मां शीतला मंदिर में पहुंचकर माता शीतला की पूजा-अर्चना कर परिवार के लोगों की रोगों से रक्षा की प्रार्थना की।

 बताया जा रहा है कि शीतला अष्टमी का पर्व हर साल चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। कुछ क्षेत्रों में इस पर्व को बसोड़ा के नाम से भी जाना जाता है। इस बार 11 मार्च को शीतला अष्टमी मनाया जा रहा है। मान्यता है कि इस दिन माता शीतला की पूजा की जाती है और उनसे रोगों से रक्षा की प्रार्थना की जाती है। बताया जाता है इसमें ठंडा भोजन का बड़ा महत्व है। यह पूजा-पाठ होली के दूसरे दिन से शुरू हो जाती है। आज शीतला अष्टमी है, इसको लेकर आज भक्त बड़ी संख्या में शीतला मंदिर पहुंचे एवं विधि-विधान से पूजा पाठ किया।

बताया जाता है कि माता को ठंडा भोजन चढ़ाया जाता है। जैसे दाल पुरी, बड़ा, गुजिया घर में जो बना है, वह सब चढ़ाया जाता है। कुछ इलाकों में इस पर्व को बसोड़ा इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इस दिन बासी भोजन खाने की परंपरा है। अष्टमी के दिन घर में चूल्हा नहीं जलाया जाता। लोग सप्तमी की रात को ही भोजन बनाकर रख लेते हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में मीठे चावल, दही बड़े, रबड़ी और कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। अगले दिन माता शीतला को इन व्यंजनों का भोग लगाया जाता है और फिर उसी ठंडे प्रसाद को ग्रहण किया जाता है।  
इधर बुधवार को शीतला अष्टमी पर्व पर स्थानीय शीतला मंदिर में भक्तों की सुबह से ही भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालु माता शीतला को प्रसादी अर्पित कर परिवार के लोगों के लिए रोगों से सुरक्षा और परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं मंदिर में आज सुबह से ही युवतियों, महिलाओं और अन्य भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।


अन्य पोस्ट