राजनांदगांव
नांदगांव जिले के भाजपा-कांग्रेस नेताओं की बजट पर प्रतिक्रिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा 2026-2027 के लिए प्रस्तुत बजट को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं ने बजट को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी। भाजपा ने इस बजट को जहां सर्वांगीण विकास का बजट करार दिया। वहीं कांग्रेसी नेताओं ने उक्त बजट को सब्जबाग का पिटारा कहा।
बजट छग के विकास को प्रदान करेगा गति- पारख
भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख ने प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट को सभी वर्गों के लिए लाभकारी बताया। यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास को गति प्रदान करेगा। विकसित भारत के विजन के आधर पर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में समान विकास की अवधारणा से निर्मित है। कृषि की दृष्टि दो बैराज जिससे लगभग 8000 एकड़ जमीन में सिंचाई का प्रावधान किया गया है। इससे कृषको को लाभ होगा। इसके अलावा नए कैनलो निर्माण का भी उल्लेख किया गया है।

बजट से छत्तीसगढ़ बनेगा समृद्ध व खुशहाल- मधुसूदन
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेश के लिए एक तरफ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की अभूतपूर्व संभावनाएं व योजनाएॅ बजट में प्रस्तुत की हैं। दूसरी तरफ संकल्प थीम पर आधारित इस बजट में संतुलित क्षेत्रिय समाजिक आर्थिक विकास हेतु समावेशी विकास की नीति, अधोसंरचना विकास, वित्तीय निवेश आकृष्ट करने हेतु इकोसिस्टम बनाना, कुशल मानव संसाधन प्रबंधन, अंत्योदय अर्थात समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को प्राथमिकता, जीविकोपार्जन हेतु अवसर निर्माण एवं नीति निर्धारण से परिणाम प्राप्ति पर ध्यान केन्द्रित किया गया है।

संकल्प का बजट, विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप - नीलू
पर्यटन मंडल अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा ने बजट को विकसित भारत का रोडमैप बताते स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप यह बजट छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है। पर्यटन क्षेत्र पर दिए गए फोकस को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ भ्रमण योजना, शक्तिपीठ सर्किट, राजिम में कास्य प्रतिमा, सिरपुर विकास के लिए 36 करोड़, ईको टूरिज्म के लिए फिक्की के साथ 500 करोड़ का एमओयू और मैनपाट-जशपुर में पर्यटन स्थलों का विकास प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा।

सहकारिता एवं कृषक हितों को नई ऊर्जा देने वाला बजट - सचिन
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने कहा कि यह बजट सहकारिता क्षेत्र, कृषक सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने वाला दूरदर्शी दस्तावेज है। यह बजट किसानों एवं ग्रामीण अंचलों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। कृषि, सिंचाई, ग्रामीण अधोसंरचना और सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण हेतु किए गए प्रावधान से राज्य की प्राथमिक कृषि साख समितियों तथा जिला सहकारी बैंकों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। इससे किसानों को समय पर फसल ऋण, अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण तथा कृषि निवेश के लिए वित्तीय सहायता सहजता से उपलब्ध हो सकेगी।

किसानों के लिए यह बजट फायदेमंद- अशोक
भाजपा किसान नेता अशोक चौधरी ने कहा कि कृषि के हिसाब से सिंचाई और कृषि पंप पर नि:शुल्क बिजली उपलब्धता करने को लेकर की गई घोषणा तथा छत्तीसगढ़ में दो बैराज जिसमें एक बड़ा बैराज इंद्रावती नदी में जिससे करीब 80000 एकड़ जमीन में सिंचाई उपलब्ध होगा, यह किसानों के लिए बहुत फायदेमंद होगा। प्रदेश के कई जगह पर नए कैनाल के निर्माण होंगे, यह किसानों के लिए बहुत उपयोगी होगा। शिक्षा के क्षेत्र में सभी पहलुओं को टच किया गया है। महिला हॉस्टल एसटी, एससी और पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था कर शासन ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया है।

प्रदेश आर्थिक प्रगति, समृद्धि के दौर में प्रवेश करेगा - राजेश
पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश श्यामकर ने कहा कि आज नवीन विधानसभा में बजट पेश किया गया, जो छत्तीसगढ़ के विकास के लिए मिल का पत्थर साबित होगा। यह बजट सुशासन से समृद्धि मॉडल को मजबूत आधार प्रदान करेगा, और विकास की रफ्तार पकड़ेगी। रोजगार, कृषि, सामाजिक सुरक्षा तथा मानव संसाधन की विकास बढ़ेगी। राज्य की भाजपा सरकार गरीब, किसान, मजदूर व राज्य की विकास हितैषी सरकार है। बेहतर अस्पताल आधुनिक शिक्षा, सडक़ो और पुलों का विस्तार प्रदेश को समृद्धि की ओर अग्रसर करेगा।

अंत्योदय के उत्थान को समर्पित बजट - कोमल
भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने प्रदेश के बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव के सुशासन का सशक्त दस्तावेज बताया है। प्रदेश के गरीब, युवा, नारी शक्ति, छात्र, अन्नदाता के साथ मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण व सशक्तिकरण के प्रावधान बजट में किए गए हैं। यह बजट वर्ष 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

युवाओं की तरक्की, उन्नति और उनके आत्मविश्वास का बजट - आलोक
पार्षद आलोक श्रोती ने बजट को प्रदेश के विकास को बल देने वाला युवाओं का बजट बताया है। यह बजट न केवल प्रदेश की तरक्की और उन्नति का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि युवाओं के लिए भी इस बजट में कई प्रावधान किए गए हैं। जिससे इसका सीधा लाभ युवाओं की शिक्षा, उनकी नौकरी और उनकी आत्मनिर्भरता का मार्ग तय करेगा। यह बजट युवाओं के लिए भी खास है। इस बजट में शिक्षा के लिए राज्य के विश्वविद्यालयों को 731 करोड़ रुपए का अनुदान दिया जाएगा। जिससे व्यवसायिक परीक्षा मण्डल की क्षमता वृद्धि एवं विस्तार होगा।

जनकल्याण और आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव - डुरेन्द्र
पार्षद दुरेन्द्र साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्तमान बजट को राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक दूरदर्शी और जनहितकारी बजट करार दिया। यह बजट गरीब, किसान, युवाए,महिलाएं, व्यापारी वर्ग और शहरी-ग्रामीण सभी वर्गों की अपेक्षाओं को संतुलित रूप से पूरा करता है। इस बजट में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय विकास, अधोसंरचना और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो यह दर्शाता है कि सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन है। किसानों के लिए प्रावधानए युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगारए महिलाओं के सशक्तिकरण तथा गरीबों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है।

किसान हितों को सशक्त करने वाला बजट - मूलचंद
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मूलचंद लोधी ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को किसान, गरीब और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और गांवों के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम है। बजट में कृषि अधोसंरचना, सिंचाई विस्तार, समर्थन मूल्य पर खरीदी की सुदृढ़ व्यवस्था तथा कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान स्वागतयोग्य हैं। इससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेती की लागत कम होने के साथ उत्पादन में वृद्धि होगी।

विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने वाला बजट - प्रखर
भाजयुमो दक्षिण मंडल अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव ने कहा कि यह बजट 2047 के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस बजट में सभी वर्ग का ख्याल रखा गया है। इस बजट को ‘ज्ञान और समावेशी’ विकास पर केंद्रित बताया है, जो अंत्योदय के कल्याण को समर्पित है। यह बजट ‘गुड गवर्नेंस’ टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ पर जोर देता है। इस बजट में युवाओं एवं छात्रों पर फोकस करते विशेष प्रावधान किए गए हैं।

साय सरकार ने खोला किसानों के लिए खुशहाली का द्वार -दादूराम
भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला अध्यक्ष दादूराम सोनकर ने कहा कि यह बजट ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करने और राज्य के अन्नदाताओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। बजट में ‘कृषक उन्नति योजना’ हेतु 10 हजार करोड़ रुपए का ऐतिहासिक आवंटन और कृषि पंपों के लिए 5500 करोड़ रुपए का प्रावधान यह स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता में सदैव किसान ही सर्वोपरि है।

सच मायनों को युवाओं
का बजट - हिमांशु
भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष हिमांशु सोनवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ का वर्ष 2026-27 का बजट सच मायनों में युवाओं का बजट है। शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी संस्थानों के उन्नयन, नए महाविद्यालय भवन, मेगा परीक्षा केंद्र एवं इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना जैसे निर्णय युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह बजट स्पष्ट करता है कि सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। भाजयुमो इस बजट का स्वागत करता है और इसे हर युवा तक पहुंचाने का संकल्प लेता है।

युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला ऐतिहासिक बजट - चिंटू
भाजयुमो जिलाध्यक्ष चिंटू सोनकर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 युवाओं, विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं के लिए आशा, अवसर और आत्मनिर्भरता का नया द्वार खोलने वाला बजट है। यह बजट शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

विकास, विश्वास और समृद्धि का सशक्त संकल्प -रवि
पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि यह बजट मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश को विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में ठोस और दूरदर्शी पहल है। यह बजट हर वर्ग के कल्याण और संतुलित विकास का प्रतीक है। लगभग 1.80 लाख करोड़ से अधिक के इस बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और गरीब वर्गों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। कृषि क्षेत्र में सिंचाई विस्तार, समर्थन मूल्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण अधोसंरचना के विकास हेतु पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। इससे किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

अधोसंरचना व सुशासन को नई मजबूती देता बजट-जैनम
भाजपा पार्षद जैनम बैद ने कहा कि बजट में गुड गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी पर विशेष फोकस दिया गया। प्रदेश तथा नगरीय निकायों के लिए सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगा। लोक निर्माण विभाग के लिए 9,451 करोड़ रुपए और जल जीवन मिशन हेतु 3,000 करोड़ रुपए का प्रावधान बुनियादी सुविधाओं के विस्तार व गुणवत्ता सुधार की दिशा में बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में सडक़, स्वच्छता व नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ करेगा। जिससे शहरी जीवन स्तर में प्रत्यक्ष सुधार होगा।

जनहितैषी बजट-ऋषिदेव
जिला भाजपा मंत्री ऋषिदेव चौधरी ने कहा कि यह बजट सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की कहावत को चरितार्थ करने वाला बजट है। जिसमे हर वर्ग का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है । भाजपा सरकार के सुशासन, समावेशी विकास तथा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के विजन को मजबूती प्रदान करने वाले इस बजट में किसानों, महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों और गरीबों के कल्याण पर विशेष फोकस किया जाना इस बजट की सबसे बड़ी खासियत है। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा यह हमारे अन्नदाताओं के लिए बड़ी राहत है।

युवाओं के सपनों को नई उड़ान - कमलेश
युवा मोर्चा के जिला सह-कोषाध्यक्ष कमलेश प्रजापति ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, तकनीकी कौशल एवं रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है। यह बजट युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। छत्तीसगढ़ सरकार का यह बजट युवा शक्ति को सशक्त बनाकर राज्य के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।

छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा- आशीष
भाजपा युवा मोर्चा शहर महामंत्री आशीष जैन ने इसे प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का विजऩ डॉक्यूमेंट बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट सर्वसमावेशी, संतुलित और दूरदर्शी विकास की मजबूत आधारशिला रखता है। यह बजट प्रदेश को नई ऊर्जा, नई सोच और नई रफ्तार देने वाला है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ का सशक्त योगदान है। श्री जैन ने कहा कि यह केवल आय-व्यय का लेखा.जोखा नहीं, बल्कि ज्ञान से गति, विकास से विश्वास और अवसर से आत्मनिर्भरता का स्पष्ट संकल्प है। यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

युवाओं व छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने वाला बजट - अमितेष
भाजयुमो शहर मंत्री अमितेश झा ने बताया कि बजट में छात्र-छात्राओं और युवाओं के लिए विशेष तौर पर ध्यान रखकर वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा बजट पेश करते ही युवाओं और छात्र.छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। युवाओं व छात्र-छात्राओं के लिए प्रमुख प्रावधान इस प्रकार है 731 करोड़ राज्य के विश्वविद्यालय को अनुदान 100 करोड़ स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना 50 करोड़ आईटीआई एवं पॉलीटेक्नीक संस्थानों के अधोसंरचना उन्नयन व 33 करोड़ व 33 करोड़ प्रतियोगी परिक्षाओं हेतु सहायता अंबिकापुर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर आदि विस्तार, 25 करोड़ महाविद्यालय भवन निर्माण। रायगढ़ के 5 सरकारी महाविद्यालयों में उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना शामिल है।

जनता को धोखा देने वाला बजट - धनेश
पूर्व ऊर्जा मंत्री धनेश पाटिला ने साय सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट को जनता को धोखा देने वाला बजट बताते कहा कि पिछले बार पीडब्ल्यूडी के लिए बजट में मात्र 28 फीसदी ही खर्च कर पाया था। वहीं कई मदों में एक धेला भी नहीं खर्च किया था। ऐसा बजट किस काम का जो सिर्फ दिखावा साबित हो और विकास में न खर्च हो। यही नहीं पीएचई, मार्कफैड सहित अन्य विभागों में देनदारिया बनी हुई है। श्री पाटिला ने कहा कि साय सरकार आने के बाद प्रदेश कर्ज के जाल में फंसा हुआ है।

सरकार का बजट विनाश व दुर्गति वाला -कुलबीर
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने जनता को भ्रमित करने वाला बजट बताते कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं करता है, किन्तु जमीनी स्तर पर कुछ नहीं। तीन साल में इस सरकार ने सडक़, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता को तरसा दिया है। छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव में है, किसान लागत और लाभ के अंतर से जूझ रहा है ऐसे समय में बजट से ठोस राहत की अपेक्षा थी, परंतु बजट में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कुछ भी नहीं है, मोदी की गारंटी का कोई जिक्र ही नहीं।

साय सरकार का बजट जनता के साथ छलावा - फडऩवीस
प्रदेश की साय सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक फडऩवीस ने जनता के साथ खुला छलावा करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की बुनियादी जरूरतों से पूरी तरह कटा हुआ है और इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बेरोजगार युवाओं के लिए कोई ठोस रोडमैप नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की अनदेखी की है। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया।

सर्वहारा को झोंका और भगवान राम को धोखा वाला बजट - रूपेश
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने कहा कि इस बजट से यह साफ हो गया कि छग सरकार दिशाहीन सरकार है। इस बजट में ना तो इसमें युवाओं को रोजगार के लिए, महतारी वंदन के नए, हितग्राहियों के लिए, 500 में गैस सलेंडर जैसे के लिए राशि प्रावधान नहीं किया गया है। यहां तक वीबी जी-राम-जी की ढोल पीटने वाली भाजपा भगवान राम के ननिहाल में राम वन पथ गमन के लिए बजट में राशि का प्रावधान ना कर भगवान राम को भी धोखा दिए है। शिक्षा के लिए स्कूल हेतु 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है, पर 58 हजार रिक्त पद भरने कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
जमीनी हकीकत में खाली खजाना - महेन्द्र
जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को प्रदेश की जनता के साथ बड़ा छल बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश किया गया बजट केवल कागजी आंकड़ों और बड़ी-बड़ी घोषणाओं का पुलिंदा है। जिसमें आम जनता, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के लिए कोई ठोस एवं प्रभावी प्रावधान नजर नहीं आता। प्रदेश का किसान आज समर्थन मूल्य, सिंचाई सुविधा, खाद-बीज की उपलब्धता और कर्ज राहत की मांग कर रहा है, लेकिन बजट में किसानों को वास्तविक राहत देने वाली कोई स्पष्ट नीति नहीं दिखाई देती।

कागजी विकास के पुलिंदे में आम जनता फिर उपेक्षित - ऋषि
पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026-27 को जनविरोधी बताते कहा कि यह बजट विकास का रोडमैप नहीं, बल्कि प्रचार का दस्तावेज है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े दावों और कागजी आंकड़ों के जरिये सरकार प्रदेश की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। प्रदेश का युवा आज भी रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन बजट में न तो स्पष्ट भर्ती कैलेंडर का उल्लेख है और न ही स्थायी रोजगार सृजन की ठोस कार्ययोजना। युवाओं को घोषणाएं नहीं, नियुक्ति पत्र चाहिए।

घोषणाओं का बजट, धरातल पर सन्नाटा - विशु अजमानी
कांग्रेस प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने साय सरकार के हालिया बजट को जनअपेक्षाओं से कटा हुआ बताया है। उन्होंने कहा कि लगभग पौने दो घंटे के बजट भाषण में बड़े आंकड़े और घोषणाएं जरूर गिनाई गईं, लेकिन युवाओं, महिलाओं, कृषक वर्ग और आम जनता के लिए कोई स्पष्ट एवं समयबद्ध विजन नजर नहीं आया। शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं जैसे मूल मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना का अभाव दिखाई देता है।

केवल आंकड़ों की बाजीगरी- आफताब
युवक कांग्रेस महासचिव आफताब अहमद ने बजट को सरकार की छवि बचाने वाला करार देते कहा कि यह प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर नहीं, बल्कि सिर्फ हेडलाइन बनाने पर आधारित है। यह बजट पढऩे के बाद एक ही बात समझ आती है/ ृसरकार को जनता की नहीं, हेडलाइन की चिंता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए बजट में केवल शब्द हैं, लेकिन नौकरी नहीं। फार्म भरते-भरते युवाओं का दम टूट चुका है, परीक्षाएं टल रही हैं, परिणाम लटक रहे हैं और नियुक्तियां अटकी हुई हैं। किसान धान बेचने के बाद भुगतान का इंतजार कर रहा है, खाद के लिए लाइन में खड़ा है और सिंचाई की समस्या जस की तस है, लेकिन बजट में किसान की पीड़ा का कोई जिक्र नहीं, केवल आंकड़ों की बाजीगरी है।

केवल आंकड़ों की बाजीगरी - अभिमन्यु
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा कि यह बजट प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा है। यह बजट जनकल्याण नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट हितों और संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को बढ़ावा देने वाला दस्तावेज प्रतीत होता है। यह बजट छत्तीसगढ़ की संभावनाओं के साथ न्याय नहीं करता। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जनता के हितों की रक्षा के लिए सडक़ से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

बजट जमीनी हकीकत से कटा - अनीस
जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता अनीस खान ने विधानसभा में प्रस्तुत राज्य बजट को जमीनी हकीकत से कटा हुआ बताया है। उन्होंने कहा कि बजट का आकार बढ़ा देना विकास का प्रमाण नहीं होता, असली कसौटी यह है कि प्राथमिकताएं किसके हित में तय की गई है। यह बजट आंकड़ों में बड़ा जरूर है, लेकिन आमजन की वास्तविक जरूरतों को पर्याप्त स्थान नहीं देता। प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है । फिर भी किसानों की आय बढ़ाने, लागत कम करने और सिंचाई विस्तार के स्पष्ट व ठोस लक्ष्य सामने नहीं रखे गए।


