राजनांदगांव
कांग्रेस शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में ज्ञापन देकर जताया विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 फरवरी। शहर के गंज मंडी स्थित डाकघर को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने मंगलवार को पोस्ट ऑफिस का घेराव कर प्रवर अधीक्षक से तत्काल फैसले को रद्द करने की मांग की। शहर अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में स्थानीय पोस्ट ऑफिस के मुख्य शाखा में ज्ञापन सौंपकर कांग्रेसियों ने फैसले की कड़ी निंदा की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 70 साल से संचालित उक्त शाखा को अन्यत्र जिले में ले जाने का निर्णय अव्यवहारिक है। कांग्रेस नेताओं ने पोस्ट ऑफिस के प्रवर अधीक्षक से डाकघर को यथावत रखने की मांग की।
मिली जानकारी के मुताबिक गंज मंडी स्थित डाकघर को अन्यत्र जिले में ले जाने की खबर के बाद कांग्रेस ने आज पोस्ट ऑफिस में जमकर प्रदर्शन किया। श्री मुदलियार का कहना है कि अल्प बचत अभिकर्ता संघ भी इस निर्णय का विरोध कर रहा है। उनका कहना है कि 70 साल से शाखा संचालित हो रही है। सैकड़ों खाताधारक और अल्प बचत अभिकर्ता इस शाखा से जुड़े हुए हैं। शाखा में पर्याप्त सुविधाएं भी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि संचालन और उपभोक्ताओं को जब किसी तरह की समस्या नहीं है, तो उक्त शाखा को बंद करने का निर्णय किस वजह से लिया गया। कांग्रेस ने नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रवर अधीक्षक से कांग्रेस नेताओं की चर्चा हुई। प्रदर्शन की वजह से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। बेरीकेट्स लगाकर कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। इस दौरान सीएसपी अलेक्जेंडर किरो, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू के अलावा अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के ज्ञापन पर पोस्ट ऑफिस प्रबंधन ने उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस दौरान जितेन्द्र मुदलियार, सुदेश देशमुख, झम्मन देवांगन, मेहुल मारू, रूपेश दुबे, सूर्यकांत जैन, लक्ष्मण साहू, श्रीकिशन खंडेलवाल, हरिनारायण धकेता, राजेश गुप्ता चंपू, मनीष गौतम, गुरमीत सिंह, ललित मरकाम, शारदा तिवारी, प्रज्ञा गुप्ता, विनय झा समेत अन्य लोग शामिल थे।



