राजनांदगांव

होलाष्टक लगने से शहर कांग्रेस की नई बॉडी का ऐलान होली के बाद
22-Feb-2026 8:12 PM
होलाष्टक लगने से शहर कांग्रेस की नई बॉडी का ऐलान होली के बाद

अध्यक्ष मुदलियार सभी वरिष्ठों से कर रहे सलाह-मशविरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 फरवरी।
शहर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी होली त्यौहार के बाद जारी हो सकती है। होलाष्टक शुरू होने के चलते सूची जारी करने के फैसले को फिलहाल आगे बढ़ा दिया गया है। नई टीम  को लेकर कांग्रेस के भीतर हलचल भी है। शहर अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार का इस बात पर जोर है कि वह कार्यकारिणी में संतुलन बनाने के लिए सभी वरिष्ठों और अनुभवी नेताओं से सलाह-मशविरा भी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उन्होंने सभी सीनियर नेताओं से उनकी पसंद के नाम भी लिए हैं। इसके पीछे एक संतुलित टीम तैयार करने का मकसद है। बताया जा रहा है कि कार्यकारिणी में जगह पाने के लिए कई नेता लॉबिंग भी कर रहे हैं। प्रमुख पदों को लेकर जोर आजमाईश भी चल रही है। मुदलियार वरिष्ठ नेताओं से सीधे भेंट-मुलाकात कर उनकी पसंद और सुझावों  को लेकर बातचीत कर रहे हैं। कई वरिष्ठ नेता मुदलियार के इस पहल को संगठन के लिए एक अच्छा संकेत मान रहे हैं।
यहां यह बता दें कि नई टीम के अस्तित्व में आने के बाद कांग्रेस का स्थानीय स्तर में कई बड़े आंदोलन और प्रदर्शन करने की योजना भी है। कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के अलावा अन्य सांगठनिक नेताओं की घेरेबंदी करने की तैयारी में भी है, ताकि आम लोगों के बीच कांग्रेस की बढ़ती ताकत  का एक संदेश सीधे पहुंचे। इस बीच राजनीतिक तौर पर शहर कांग्रेस की नई टीम में ऊर्जावान और सक्रिय युवाओं को जगह मिल सकती है। दरअसल युवाओं के मुद्दों को लेकर भी कांग्रेस का प्लान है। विशेषकर बेरोजगारी और युवाओं की दिन-ब-दिन बिगड़ती स्थिति को लेकर कांग्रेस आक्रमक अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।  बहरहाल नई टीम में जगह पाने के लिए एक ओर लॉबिंग भी चल रही है। जबकि शहर अध्यक्ष मुदलियार सभी को साथ लेकर चलने के इरादे से वरिष्ठों से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट