राजनांदगांव

7 दुकानें सील, 8 नल कनेक्शन निगम ने काटे
20-Feb-2026 4:28 PM
7 दुकानें सील, 8 नल कनेक्शन निगम ने काटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 फरवरी।
 वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली में कड़ाई बरतते प्रतिदिन कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बकायेदारों का नल विच्छेदन कुर्की के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया है। दुकानें सील करने की कड़ी में गुरुवार को आडिटोरियम के बाजू में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत निर्मित दुकानों में 7 दुकानें सील की गई एवं नंदई के घरों से 8 नल कलेक्शन काटा गया।
वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिए महापौर मधुसूदन यादव एवं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे हैं तथा बड़े बकायेदारों को अपना बकाया करों का भुगतान करने समझाईश दे रहे हैं। निर्देश पर राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला दुकानें सील करने एवं नल विच्छेदन की कार्रवाई कर रही हैं। दुकानें सील करने की कड़ी में आज गौरवपथ स्थित आडिटोरियम के बाजू मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजनांतर्गत की निर्मित दुकानों के दुकानदारों द्वारा नोटिस उपरंात भी अनुबंध नहीं कराकर किराया जमा नहीं किया जा रहा था, जिस पर कार्रवाई  करते 7 दुकानदारों द्वारा अनुबंध एवं किराये की बकाया राशि प्रति दुकान लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए जमा नहीं करने पर उक्त दुकानें सील की गई। इसी प्रकार नंदई के 8 करदाता जिन्होंने जलकर की राशि रुपए लगभग 1 लाख जमा नहीं करने पर 8 नल कनेक्शन काटा गया।

आयुक्त ने बताया कि शासन लक्ष्य के विरूद्ध शत-प्रतिशत राजस्व वसूली किया जाना है, वसूली के लिए करदाताओं को करों का भुगतान करने अपील की जा रही है। बड़े बकायेदारों को नोटिस दिया गया है। भुगतान नहीं करने की स्थिति में दुकानें सील करने तथा नल विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कुर्की की भी तैयारी की जा रही है, उन्होंने करदाताओं से कहा कि अपने बकाया कर एवं किराये की राशि का भुगतान समय पर कर अधिभार एवं निगम की कार्रवाई से बचे।


अन्य पोस्ट