राजनांदगांव

गर्मी को लेकर जलाशयों के पानी को सुरक्षित करने महापौर का निर्देश
19-Feb-2026 4:33 PM
गर्मी को लेकर जलाशयों के पानी को सुरक्षित करने महापौर का निर्देश

राजनांदगांव, 19 फरवरी। गर्मी की तैयारी की समीक्षा करते महापौर मधुसूदन यादव ने मोंगरा बैराज समेत अन्य जलाशयों के पानी को सुरक्षित करने के निर्देश संबंधितों को दिए। उन्होंने शिवनाथ और मटियामोती जलाशय का निरीक्षण भी किया।

उन्होंने कहा कि गर्मी में शिवनाथ नदी का जलस्तर कम होने पर आवश्यकतानुसार पानी लेने मटियामोती जलाशय सहित मोंगरा बैराज और मोखली एनीकट में पानी सुरक्षित रखें। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को नगर निगम अध्यक्ष पारस वर्मा समेत सुनील साहू, सावन वर्मा, राजा माखीजा के साथ मोहारा शिवनाथ नदी एंव मटियामोती जलाशय का निरीक्षण कर नदी में रॉ-वाटर स्टोरेज की जानकारी ली। महापौर ने मोहारा शिवनाथ नदी का निरीक्षण कर नदी में जलस्तर की जानकारी लेकर एनीकट के आसपास साफ-सफाई तथा फिल्टर प्लांट में ग्रीष्म ऋतु में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। प्लांट के तकनीकी अधिकारी ने जानकारी दी कि मोहारा एनीकट में वर्तमान में 4 फीट पानी कम हुआ है।  और इस वर्ष भी मटियामोती जलाशय, मोगरा बैराज एवं मोखली एनीकट में राजनांदगांव शहर के लिए पर्याप्त पानी रखने पत्र प्रेषित किया गया है। रॉ-वाटर कम होने की स्थिति में जलाशयों से पानी लिया जाएगा।

महापौर मटियामोती जलाशय का भी निरीक्षण कर पानी संग्रहण एवं राजनांदगांव शहर के लिए आरक्षित पानी के संबंध में जल संसाधन विभाग के अधिकारी से चर्चा की। अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि मटियामोती जलाशय में राजनांदगांव के शिवनाथ नदी एनीकट मे रॉ-वाटर प्रदाय करने 300 एमसीएफटी पानी सुरक्षित रखा गया है। मांग अनुसार पानी प्रदाय किया जाता है। उन्होंने कहा कि गर्मी बढऩे की स्थिति में प्रथम चरण में 50 एमसीएफटी पानी लिया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार चरणबद्ध पानी ली जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पानी लेने की स्थिति आने पर आवश्क तैयारी रखे, पानी छोडऩे के पूर्व नहर-नाली की सफाई कराएं।  गर्मी में पेयजल सप्लाई प्रभावित न हो, इसके लिए अभी से तैयारी करें।


अन्य पोस्ट