राजनांदगांव
महाशिवरात्रि पर दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 फरवरी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। पुरोहित के मंत्रोच्चार के बीच भगवान महाकाल का रुद्राभिषेक किया गया। वहीं शक्ति स्वरूपा वेद माता गायत्री की विधि विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि सालिकराम साहू, मुरलीधर चौधरी, एसएल छविंद्र, भेष कुमार साहू के अलावा ट्रस्टी नरेंद्र लोहिया सपरिवार उपस्थित रहे।
संस्थान द्वारा जनकल्याण हेतु आचार्य श्रीराम शर्मा होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं एक्यूप्रेशर/सुजोक थेरेपी केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। महाशिवरात्रि पर्व पर गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित आध्यात्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत मुख्य यजमान मिताली कटकवार एवं उनके परिजनों द्वारा पूर्ण विधि-विधान से देवो के देव महादेव का अभिषेक एवं पूजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्र के अनेक धर्मप्रेमी नागरिक एवं प्रबुद्धजनों द्वारा सामूहिक रूप से देवाधिदेव का अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के पश्चात महाआरती की गई एवं उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
गायत्री शक्तिपीठ के मुख्य ट्रस्टी सूर्यकांत चितलांग्या व प्रबंध ट्रस्टी बृजकिशोर सूरजन ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शक्तिपीठ में उद्घाटित आरोग्य केंद्र समाज के सभी वर्गों के लिए पूर्णत: नि:शुल्क आरोग्य सेवा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि होम्योपैथी चिकित्सा डॉ. विजय लक्ष्मी पिल्लई द्वारा शाम 4.30 से 6.30 बजे तक तथा एक्यूप्रेशर/सुजोक टीएस ठाकुर शाम 5 से 6.30 बजे तक जारी रहेगी। ट्रस्टीद्वय ने गायत्री शक्तिपीठ द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क चिकित्सा सेवा की अधिकाधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की है।


