राजनांदगांव
राजनांदगांव, 14 फरवरी। सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 10 नग मोबाइल को बसंतपुर पुलिस ने ढूंढकर उनके स्वामियों को सुपुर्द किया गया। बताया गया कि उक्त मोबाईल की कीमत लगभग एक लाख 50 हजार रुपए है। अपने गुम मोबाइल वापस मिलने पर प्रार्थीगणों ने जिला राजनांदगांव पुलिस एवं थाना बसंतपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा एएसपी कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक एमन साहू थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में गुम मोबाइलों की पतासाजी हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत 13 फरवरी को विभिन्न कंपनियों के 10 नग गुम मोबाइल को बरामद कर संबंधित आवेदकों को सुपुर्द किया गया। बताया गया कि थाना बसंतपुर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर गुम मोबाइलों की पतासाजी गंभीरता से करते हुए पोर्टल के माध्यम से त्वरित कार्रवाई की गई और बरामद मोबाइल आवेदकों को सुपुर्दनामा पर दिए गए।
उल्लेखनीय है कि माह जनवरी 2026 में भी इसी अभियान के तहत 12 नग मोबाइल कीमत लगभग एक लाख 70 हजार रुपए बरामद कर आवेदकों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। प्रार्थीगणों द्वारा जिला राजनांदगांव पुलिस एवं थाना बसंतपुर की कार्रवाई की सराहना करते आभार व्यक्त किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, भवानी थनापति, भुनेश्वर जायसी एवं अन्य स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


