राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 फरवरी। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने नगर में हर घर एवं हर परिवार को डस्टबीन दिया जा रहा है।
नगरीय निकाय द्वारा नगर में निवास करने वाले हर परिवार को सूखा व गीला कचरा अलग-अलग कर देने का आह्वान किया जा रहा है। दोनों प्रकार के कचरा को पृथक पृथक कर देने के लिए यहां नीला व हरा रंग का अलग-अलग डस्टबीन दिया जा रहा है। बताया जाता है कि निकाय क्षेत्र में डस्टबीन वितरण का कार्य इस माह के अंत तक जारी रहेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अगुवाई वाली नई परिषद ने मार्च 2025 में नगर सरकार की कुर्सी में बैठते ही नगर को स्वच्छ एवं सुदर बनाने प्रयास शुरू कर दिया था।
अध्यक्ष श्री मानिकपुरी ने सीएमओ व सफाई अमला को होमवर्क के साथ गांधीगिरी करने का निर्देश दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने बताया की नई परिषद ने इस मुहिम में सबसे पहले पिछले वर्ष मई व जून माह में ही नगर के मुख्य मार्गो व गलियों में दुकान चलाने वाले सभी व्यवसायियों को सूखा कचरा रखने के लिए बड़ा डस्टबीन दिया था। गीला व सूखा कचरा अलग-अलग कर इसे डोर टू डोर योजना के तहत घर घर पहुंचने वाली स्वच्छता दीदियों को सौंपने हरा व नीला कलर का डस्टबीन दिया जा रहा है।
वार्ड 1, 2, 6, एवं 12, 13, 14 में डस्टबीन वितरण के दौरान नगर अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, सभापति विनोद डेहरिया, उमा निषाद, किशुन पटेल, पार्षद सुरेश नेताम, खेदीबाई अमिला उपस्थित थे।


