राजनांदगांव
शादीशुदा महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर महाराष्ट्र में की हत्या
‘छत्तीसगढ़’संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के कोरची क्षेत्र में एक जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। शादीशुदा महिला का कोरची क्षेत्र के रहने वाले युवक से अवैध संबंध था। इस बात को लेकर मृतक आपत्ति करता था। महिला और प्रेमी के बीच रोडा खड़ा करने से तंग आकर महाराष्ट्र में पति की हत्या कर दी गई। गढ़चिरौली पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश किया है। वारदात में शामिल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक 31 जनवरी को कोरची क्षेत्र के बोगाटोला के जंगल में एक अज्ञात शव खून से लथपथ हालत में मिली थी। पोस्टमार्टम के पश्चात पुलिस ने हत्या होना पाया। उस आधार पर लावारिस लाश की पहचान के लिए पुलिस ने सरगर्मी से खोजबीन शुरू की। पुलिस ने इस मामले में जाम्भुलखेड़ा के रहने वाले शानू पठान को हिरासत में लिया।
पुलिस के कड़े सवालों के सामने आरोपी शानू पठान टूट गया और उसने जानकारी में बताया कि राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले जटकन्हार की रहने वाली 25 वर्षीय सोनाली कंवर से उसका अवैध संबंध है। इस बात की जानकारी प्रेमिका के पति को भी थी। 30 वर्षीय पति जीतू कंवर दोनों के बीच रोड़ा बन रहा था। इसी के चलते शानू पठान ने प्रेमिका के साथ मिलकर जीतू कंवर की हत्या की योजना बनाई। इस बीच जीतू कंवर कोरची क्षेत्र के एक गांव में पहुंचा था, जहां उसने योजना के तहत मुकेश बोरकर (32 साल), चंद्रशेखर गुज्जेवार (27 साल) और धनपाल मंडावी (21 साल) के साथ मिलकर उसकी जघन्य हत्या कर दी। धारदार हथियार से जीतू को मौत के घाट उतारा गया। इस तरह प्रेमिका ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमी और उसके दोस्तों का साथ दिया। मृतक की पत्नी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डोंगरगढ़ न्यायालय में पेश करने के बाद सभी को गढ़चिरौली ले जाया गया।


